लखीमपुर खीरी। नवंबर माह में मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो जाने के चलते हरी सब्जियों के मूल्यों में इजाफा हुआ है। हरी सब्जियों के साथ-साथ लहसुन की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।
पिछले 15 दिनों में कई सब्जियों के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं। विक्रेताओं का कहना है कि 15 दिसंबर के बाद सब्जी के मूल्यों में गिरावट होने की उम्मीद है।
15 दिन पहले जो प्याज 40 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा था, आज 60 रुपये में पहुंच गया। टमाटर के दाम में भी लगातार इजाफा हो रहा है। सब्जियों के मूल्यों की बढ़ोतरी को लेकर लोग तरह तरह के कयास लगा रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि मांगलिक कार्यक्रमाें को लेकर बढ़ी सब्जियों की मांग के सापेक्ष आवक कम होने के चलते दाम में बढ़ोतरी हुई है।
सब्जी का कारोबार करने वाले आढ़तियों का कहना है कि जैसे ही मांग कम होगी, मूल्यों में गिरावट देखी जाएगी। सब्जियों की मांग बढ़ने के बाद फुटकर विक्रेता मनमानी पर उतारू हैं।
फुटकर और फेरी करने वाले सब्जी विक्रेता मनमाने मूल्यों पर सब्जी बेच रहे हैं। सब्जी मंडी से खरीद मूल्य के बाद 20 से 30 रुपये ज्यादा भाव पर सब्जियों की बिक्री कर रहे हैं।