डीएम पिंकी जोवेल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति, मिशन इंद्रधनुष और पल्स पोलियो टास्क फोर्स की समीक्षा करते हुए कहा कि गलत रिपोर्टिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
नियमित टीकाकरण की समीक्षा में बताया गया कि सवा सात लाख 5 वर्ष आयु के बच्चे टीकाकरण के लिए लक्षित हैं, जिसमें से 28 हजार बच्चे हाई रिस्क एरिया में हैं। डीएम ने पाया कि कुछ ब्लाकों में टीकाकरण की स्थिति खराब है। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एमओआईएस को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा यदि आशा टीकाकरण के लिए लक्षित बच्चों की सूची नहीं बना रही हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मिशन इंद्रधनुष की समीक्षा में बताया गया कि इसके अंर्तगत छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण कराया जाता है। प्रदेश के 37 जिलों में मिशन इंद्रधनुष चलाया जा रहा है। इसमें बरेली जिला भी शामिल है। मिशन इंद्रधनुष की समीक्षा में पाया गया कि टीकाकरण का प्रतिशत 73 है, जिलाधिकारी ने इसे बढ़ाकर 82 प्रतिशत तक लाने के निर्देश दिए। साथ ही एमओआईएस को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में गलत रिपोर्ट न दी जाए।
बैठक में सीएमओ डाक्टर विजय यादव, डीआईओएस मुन्ने अली, बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, श्रम व मनोरंजन कर विभाग के अधिकारीगण सहित यूनीसेफ के सौरभ सिन्हा, विश्व स्वस्थ्य संगठन के डाक्टर कौशिक, सीएमएस नगर स्वास्थ्य अधिकारी व जिला स्वास्थ्य समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।