बरेली के फरीदपुर स्थित पांचजन्य प्लाईवुड फैक्टरी पर आयकर के छापे से यहां काम करने वाले मजदूरों की मुश्किलें बढ़ गईं। मजदूरों का वेतन फंस गया है। वहीं फैक्टरी मालिक और प्रबंधक शनिवार शाम तक आयकर टीम के सामने पेश नहीं हुए थे।
बरेली के फरीदपुर स्थित पांचजन्य प्लाईवुड फैक्टरी पर आयकर छापा शनिवार को भी जारी रहा। फैक्टरी का संचालन भी ठप रहा। टीम ने प्रबंधक को पेश करने के लिए पुलिस से संपर्क किया है। दूसरी ओर, माह के आखिरी दिन वेतन के लिए पहुंचे कर्मचारियों-मजदूरों को टीम ने लौटा दिया।
विज्ञापन
फैक्टरी परिसर के बाहर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि होली पर इस बार पगार के साथ बोनस भी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब वेतन मिलना भी मुश्किल है। प्रबंधन के साथ सुपरवाइजरों के भी फोन बंद हैं। किसी से संपर्क नहीं हो रहा। बताया जाता है कि फैक्टरी मालिक और प्रबंधक दोनों ही शनिवार को आयकर टीम के सामने पेश नहीं हुए। इससे जांच में कारोबार संबंधी साक्ष्य आदि जुटाने में टीम को परेशानी हो रही है। दूसरी ओर, जिले के अन्य प्लाईवुड कारोबारी भी छापा संबंधी गतिविधियों पर नजर गड़ाए हुए हैं।
बता दें कि पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में आयकर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह छापा मारा था। फैक्टरी मालिक रवि नेमानी के आवास से लेकर सभी फरीदपुर स्थित फैक्टरी के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के रुद्रपुर तक नेमानी की औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की गई। आयकर अफसरों ने पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में शुक्रवार को फैक्टरी प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही, कारोबारी आंकड़ों का मिलान किया। दस्तावेज खंगाले और संदिग्ध प्रतीत होने पर कब्जे में लिया है।