फैक्टरी में सीआरपीएफ के जवान तैनात
- फोटो : संवाद
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में पांचजन्य फैक्टरी पर आयकर की जांच दूसरे दिन भी जारी रही। जांच में कोई अड़चन न हो इसलिए फैक्टरी का संचालन ठप रहा। दूसरी ओर, फैक्टरी मालिक और जीएम से संपर्क न होने पर उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। छापा शनिवार को भी जारी रहने की बात कह रहे हैं।
आयकर विभाग ने पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में शुक्रवार को फैक्टरी प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही, कारोबारी आंकड़ों का मिलान किया। दस्तावेज खंगाले और संदिग्ध प्रतीत होने पर कब्जे में लिया। हालांकि, अब तक के छापा में क्या गड़बडियां मिलीं इस पर कोई कुछ भी कहने से बच रहा है। कारोबारी संपर्क का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फैक्टरी के अंदर मौजूद लोगों के फोन स्विच ऑफ करा दिए गए हैं। बताते हैं कि जिले में अलग-अलग दस जगह जांच को पहुंची। इसमें वे फर्में भी शामिल रहीं जो मालिक रवि नेमानी के कारोबार में सहयोगी हैं।
बता दें कि पांचजन्य प्लाई बोर्ड फैक्टरी में आयकर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह छापा मारा था। फैक्टरी मालिक रवि नेमानी के आवास से लेकर सभी फरीदपुर स्थित फैक्टरी के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के रुद्रपुर तक नेमानी की औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की गई है।
किराए पर रहे जीएम, जांच को पहुंची टीम
बड़े पैमाने पर आयकर चोरी की आशंका पर शुरू हुई कार्रवाई में फैक्टरी में प्रवेश करते ही टीम ने सुपरवाइजर ने फैक्टरी के जीएम को कॉल कर टीम के आने की सूचना दी। जानकारी पर आयकर की टीम ने उसे निगरानी में ले लिया। उसने जीएम का पता बताया जो फरीदपुर में किराये पर रह रहे हैं। टीम कमरे पर पहुंची पर वहां ताला मिला। सूत्रों के अनुसार फैक्टरी के मालिक की लोकेशन टीम ट्रेस कर रही है।