बरेली। सीबीगंज से कुछ आगे बड़ा बाईपास पर परधौली गांव के निकट पुलिस वालों की अवैध वसूली ने भीषण हादसा करा दिया। पुलिस वालों को 50 रुपये देने उतरा ड्राइवर ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे ही खड़ी कर गया। कोहरे की वजह से रामपुर की ओर से ट्रक लेकर आ रहे ड्राइवर को ट्रैक्टर ट्राली नहीं दिखी और पीछे से टकरा गया।
हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरफ से क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार 40 वर्षीय चालक महेश निवासी ग्राम बड़त, शामली की मौत हो गई। ट्रक चला रहे 45 वर्षीय दूसरे चालक गुरपेश सिंह निवासी पंजाबी कॉलोनी, शामली के पैर टूट गए। ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार देवीदास और राकेश कुमार उछलकर सड़क पर आ गिरे। देवीदास की अपने ही ट्रैक्टर के पहिए से कुचलकर मौत हो गई। राकेश की भी ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर मौत हुई। घायल गुरपेश सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि कोहरे की वजह से हादसा हुआ है। वसूली की उनके पास अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। ऐसी शिकायत आएगी तो जांच कराकर कार्रवाई करवाई जाएगी।