शीशगढ़। साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए अब गांव-गांव में वृहद जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी अनुराग आर्य ने शीशगढ़ में मंगलवार को नव निर्मित निरीक्षक कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, पुलिस चौकी ढकिया डाम एवं पिंक बूथ के उद्घाटन के अवसर पर यह बात कही।
एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना परिसर में बनाए गए नवनिर्मित निरीक्षक कक्ष का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह निरीक्षक कक्ष महत्वपूर्ण दस्तावेज रखने की दृष्टि से बेहतर साबित होगा। सभी दरोगाओं के लिए अलग-अलग वर्क सेशन बनाए गए हैं। विवेचना के सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज इसमें रखे जा सकेंगे। जिले के अन्य थानों में भी इसी तरह वर्क सेशन बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। इससे पूर्व एसएसपी अनुराग आर्य ने साइबर हेल्प डेस्क का थाने में उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इसमें छह प्रशिक्षित कर्मचारी लगाए जाएंगे। अब लोग यहां भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा ढकिया डाम में पुलिस चौकी, शीशगढ़-बरेली अड्डे पर पिंक बूथ का शुभारंभ किया।
इस दौरान लोगों ने वाहन चेकिंग, जाम की समस्या के मुद्दे को उठाया। इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष नरेश गंगवार,चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी गुड्डू, हाजी अब्दुल सलाम शास्त्री ,रामौतार मौर्य, बब्लू, वसीम अकरम,रामप्रकाश गुप्ता,प्रवेश कुमार देवल,अंकुश गुप्ता,रामौतार गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद