भमोरा। थाना क्षेत्र के गांव से तारीख पर जा रहे दंपती पर हमलावर ने दिनदहाड़े कार से टक्कर मारकर फायरिंग कर दी। इसमें युवक को हाथ में गोली लगी है, जबकि उसकी पत्नी भी गंभीर घायल हो गई। आवाज होने पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर हमलावर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने संबंधित आरोप में चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव ब्रह्मपुर निवासी वेदपाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपनी पत्नी गीता देवी के साथ बाइक से बरेली तारीख पर जा रहे थे। तभी बल्लिया चाड़पुर मार्ग पर हर्रामपुर श्मशान भूमि के पास पीछे से आकर कार सवार गांव निवासी रमेश, नन्हे, ग्रीस, अखिलेश ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक के गिरने के बाद से फायरिंग कर दी गई, जिसकी गोली उनके हाथ में लगी। उनकी पत्नी गीता देवी को लोहे की रॉड से मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2019 में रमेश के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसमें वेदपाल जेल गया था। उसके बाद दिसंबर 2023 में जमानत पर छूटकर आया है, तब से दोनों पक्षों में रंजिश है। संवाद
ग्रामीणों ने बचाई जान
दिनदहाड़े हुई घटना से आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों की जान बचाई। सूचना पर पहुंची भमोरा पुलिस ने घायल गीता देवी व वेदपाल को सीएचसी भमोरा भेजा। वेदपाल की तहरीर पर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर क्राइम सुधीर कुमार बालियान ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।