कोरोना वैक्सीन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : demo photo
45 पार के 82.80 और 18 से 44 आयुवर्ग के 74.76 फीसदी लोग हुए प्रतिरक्षित
बरेली। करीब डेढ़ माह से 40 फीसदी के आसपास दर्ज हो रहा 45 पार वालों के टीकाकरण का लक्ष्य मंगलवार को पहली बार 82 प्रतिशत के पार पहुंच गया। उधर, युवाओं का टीकाकरण का लक्ष्य 74 फीसदी ही पूरा हो सका।
करीब तीन माह से चल रहे 45 पार वालों के टीकाकरण अभियान की शुरूआत में स्थिति बेहतर रही, लेकिन डेढ़ माह से लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिदिन 40 फीसदी के आसपास ही टीकाकरण हो रहा था। मंगलवार को पहली बार 82.80 फीसदी लोग टीकाकरण कराने पहुंचे। अफसरों के मुताबिक लगातार कम होते जा रहे आंकड़ों की वजह से प्रदेश के सभी जिलों की तुलना में बरेली के पिछड़ने की आशंका थी, लेकिन अब उम्मीद है कि बरेली की स्थिति बेहतर रहेगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया बगैर पंजीकरण केंद्रों पर 45 पार वालों का टीकाकरण होने और शहर तथा गांवों में जगह-जगह लगाए जा रहे कैंपों की वजह से 45 पार वालों का टीकाकरण बढ़ा है। आगे भी यही स्थिति बनी रहने के लिए लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की है, ताकि संभावित तीसरी लहर से सामना किया जा सके।
नौ लोग मिले कोरोना संक्रमित, अब 463 सक्रिय
बरेली। आरटीपीसीआर, ट्रूनेट और एंटीजन से हुई 4603 सैंपल की जांच में मंगलवार को नौ लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि होम आइसोलेशन में रह रहे 30 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद जिले में सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 463 रह गई है। नए मिले संक्रमितों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग हो रही है। ब्यूरो