डेढ़ सौ मजदूरों को लेकर लखीमपुर से पंजाब जा रही थी बस, दर्जन भर लोग घायल
पीलीभीत रोड पर हुआ हादसा, यात्रियों को शीशे तोड़कर निकाला
नवाबगंज। धान की रोपाई करने लखीमपुर खीरी से पंजाब जा रहे 152 मजदूरों से भरी डग्गामार बस बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी मिट्टी भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में टकरा गई। इसके बाद दोनों वाहन खाई में जा गिरे। हादसे में करीब दर्जन भर मजदूर घायल हुए हैं।
लखीमपुर खीरी के निघासन इलाके से एक डग्गामार स्लीपर बस सोमवार शाम 152 मजदूरों को लेकर पंजाब रवाना हुई। बस में मजदूरों के साथ उनके बच्चे और महिलाएं भी थीं। रात 11 बजे बस बरेली-पीलीभीत हाईवे पर विशनपुर गांव के पास बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन खाई में जा गिरे। हालांकि बस एक विशाल यूकेलिप्टस के पेड़ के सामने आ जाने से रुक गई, जिस कारण बड़ा हादसा टल गया। फिर भी सीटों से गिरे करीब दर्जन भर मजदूर घायल हो गए।
रात में हुए हादसे के बाद बस में चीखपुकार मच गई तो विशनपुर गांव के लोग मदद के लिए पहुंच गए। उन्होंने बसों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। इसी बीच नवाबगंज पुलिस भी पहुंच गई। रात भर मजदूर बच्चों और महिलाओं के साथ वहीं पड़े रहे। मंगलवार सुबह छोटे बच्चे भूख से बिलखने लगे तो ग्रामीणों ने उनके लिए दूध और बिस्कुट का भी इंतजाम किया। मंगलवार दोपहर 12 बजे दूसरी डग्गामार बस पहुंचने के बाद मजदूर उससे पंजाब रवाना हुए।
खुद ही किया अपना इलाज
घटना के बाद कुछ लोगों ने सुबह नवाबगंज पहुंचकर मेडिकल स्टोर से दवाइयां, मरहम पट्टी आदि खरीदीं और इसके बाद खुद ही घायल छैलूराम, किरन, लक्ष्मण, रामस्वरूप, मंजू, धनीराम, मुकेश कुमार आदि की मरहम पट्टी की। ज्यादा घायल हुए कुछ लोगों को उनके परिवार वाले रात में ही लेकर वापस लौट गए।