बहेड़ी। समग्र ग्राम उतरसिया समुखिया में बृहस्पतिवार को उत्सव जैसा माहौल था। हो भी क्यों नहीं इस दूरदराज के गांव में जिले के सबसे बड़े हाकिम आए हैं और वो भी पूरे दल बल के साथ। इस इरादे से कि इस गांव का दर्द वहीं बैठ कर जानेंगे। गांव वाले भी पलक पावड़े बिछा कर बैठे थे। गांव वाले दिल से तो अमीर होते हैं इसलिए तामझाम तो शहर वाले न जुटा सके लेकिन भावों में कोई कमी नहीं ती। डीएम पंकज यादव और अफसरों की फौज एक बस से गांव में पहुंची। चानी सरकारी गाडियों का फौझफाटा नहीं। दिन में विकास कार्यों का निरीक्षण किया और रात को पंचायत लगाई। ग्रामीणों ने परंपरागत ढंग से उनका स्वागत किया और गांव के विकास के लिए मांगें रखते चले गए।
डीएम की बस से दोपहर ढाई बजे गांव पहुंची। गांव में जगह-जगह खुले इंटरनेट कैफे, साफ-सफाई, पक्की गलियां देख उनका खुशी का ठिकाना नहीं रहा। काली मंदिर के पुजारी ने लाउडस्पीकर से डीएम के पहुंचने की घोषणा की। जब ग्रामीणों ने फूल मालाओं से उनके पूरे दल के साथ स्वागत किया। बंगाली समुदाय के लोगों ने पारंपरिक बंगाली शंख की आवाज से उनका स्वागत किया तो डीएम गदगद हो गए। मंदिर के पास ही दोपहर के भोजन का इंतजाम किया गया था। भोजन में मक्के और बाजरे की रोटी, चावल के साथ चना, पालक और सरसों का साग, अरहर की दाल, बूंदी का रायता और साथ में गुड़ परोसा गया। स्वीट डिश में गुलाब जामुन । इसके बाद शुरू हुई चौपाल। जहां पेंशन, तालाब पर कब्जे, कच्ची शराब की बिक्री, चकरोडों पर कब्जे, नहर विभाग की जमीनों पर अवैध कब्जे और राशन कार्ड न बनने की शिकायतें ज्यादा रहीं।
खूब मसले उठे कुछ हल भी हुए
गांव की सुचित्रा हलधर ने विधवा पेंशन न मिलने की शिकायत की। इस पर जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि तकनीकी कारण रहेे हैं। जल्द आ जायेगी। पूर्वी हलधर ने कहा कि अफजाल फिरोज ने गांव के तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने पुलिस को आदेश दिये कि राजस्व विभाग की टीम के साथ तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें सूचित करें। गुरमीत सिंह, सतनाम सिंह, आलमजीत सिंह ने बरेली के लिए चलने वाली रोडवेज की बस बंद करने की शिकायत की। डीएम ने रोडवेज के आरएम को बस बंद करने का कारण जानने के लिए पत्र लिखने को कहा है और जल्द बस चलवाने को कहा है। बाबू, महेंद्र पाल, धर्मपाल और राम प्रताप ने फरीदपुर मार्ग जर्जर होने की शिकायत रखी। शांति हरधर ने कहा कि बंगाली छात्राओं को वजीफा नहीं मिल पा रहा है। राजू समझदार ने कहा कि गांव के पूर्व प्रधान ने फर्जीवाड़ा करके मनरेगा से पैसा निकाला और फर्जी दस्तावेज तैयार कर पेंशन निकाली गई है। सुमिश्रा समझदार ने कहा कि उनके साथ गांव का एक गुंडा मारपीट करता है। अरधीर हलधर ने नहर विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उतरसिया मोहलिया के ग्रामीणों ने गांव के स्कूल में वहां से हटा दिए गए शिक्षक युसूफ की दोबरा तैनाती की मांग की। भुड़िया गांव के पीएचसी सेंटर पर डाक्टर के न आने की शिकायत पर डीएम ने एएनएम को बुलाकर उनका रजिस्टर चेक किया तथा दवाई के स्टाक रजिस्टर देखें।
स्वस्थ रहे, अच्छा खाएं और बेटियों को पढ़ाएं
बहेड़ी। जूनियर हाईस्कूल के मैदान में चौधर चरण सिंह के जन्म दिवस पर लगे किसान मेले का भी उद्घाटन किया। कृषि विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में विभिन्न प्रकार की खाद, कीटनाशक दवाइयों, एलएच शुगर मिल द्वारा गन्ना बोने की वैज्ञानिक तकनीक का माडल का स्टाल लगाया। मेले के शुभारंभ के मौके पर डीएम पंकज यादव ने कहा कि पहले और आज की खेती की तकनीक बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि अच्छा खाओ, स्वस्थ रहो, बेटा बेटी में भेद मत करो, बच्चों को खूब पढ़ाओ।
नोडल अधिकारी नदारद थे
बहेड़ी। बीएसए चंदना राम इकबाल यादव देर रात नौ बजे नोडल अधिकारी और एबीआरसी छोटे लाल गंगवार को नाम पुकराती रही लेकिन वह वहां से नदारद थे। कुछ देर रूक कर उन्होंने फिर उनका नाम पुकारा तो उन्हें पता चला बीच कार्यक्रम में वह वहां से मोबाइल स्विच आफ कर घर चले गये हैं। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए अपनी डायरी खोली और उनका पूरा विवरण लिख लिया।
रात में लगी पंचायत
रात को डीएम ने फिर पंचायत लगाई। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में खेल का मैदान न होने की बात रखी। उन्होंने कहा कि ग्राम समाज की साढ़े पांच बीघा जमीन खाली पड़ी है उस पर मैदान बन सकता है। डीएम ने लेखपाल और तहसीलदार से रिपोर्ट देने को कहा। इससे पहले रात को डीएम ने दाल मखनी, मटर पनीर, मिक्स बेज, रोटी और चावल खाया। इसके बाद ग्रामीण उनके लिए गाय का ताजा दूध लाये। भोजन करने के बाद डीएम ग्रामीणों के साथ गांव के प्राइमरी स्कूल के पास जल रहे अलाव के पास बैठे। बंगाली समुदाय के लोगों ने उन्हें भजन भी सुनाए। सभी अफसरों के सोने का इंतजाम स्कूल परिसर में ही किया गया था।
आनन फानन में शौचालय में नई टाइल्स लगवाई गई
डीएम के रात्रि विभाग का कार्यक्रम लगते ही गांव के प्राइमरी स्कूल के शौचालय का फर्श तोडकर नई टाइल्स लगाई गई। नया वाशवेशन लगाया गया। बिजली की नई तरीके से व्यवस्था की गई।
डीएम बोले गांव में इतना बड़ा बाजार
सितारगंज के बार्डर को छूने वाले तहसील के इस गांव में जब डीएम पहुंचे तो उन्होने वहां का बाजार देखा। फुर्सत के पल मिले तो डीएम पैदल ही एक रांउड बाजार घूमने निकल पडे। वहां उन्होंने एक साथ कई इंटरनेट कैफे देखे, जरूरत का सारा सामान मिलने वाला बाजार देखा, कई सारे मेडिकल स्टोर, खाने पीने की चीजों की दुकान देख मुस्कराते हुए अधिकारियों के बीच आकर बोले शानदार बाजार है। बेहद संपन्न गांव है ये।