ऑनलाइन वोटिंग में बरेलियंस फिर फिसड्डी
स्मार्ट सिटी के दूसरे चरण में अपने शहर को स्मार्ट बनाने के लिए बरेलियंस एक बार फिर फिसड्डी साबित हो रहे हैं। दो दिन की ऑनलाइन वोटिंग में एरिया बेसड डेवलपमेंट के विकल्प पर शाम 7.30 बजे तक 68 सौ वोट पड़े थे। राजेंद्र नगर के बाशिंदों ने अपने एरिया को स्मार्ट बनाने के लिए सर्वाधिक 48 फीसदी वोटिंग की। दूसरे दिन की वोटिंग में पीलीभीत बाईपास और सिविल लाइन के लोग स्मार्ट साबित नहीं हुए।
शहर को स्मार्ट बनाने के लिए नगर निगम ने अपनी वेबसाइट ‘नगर निगम डॉट काम’ पर 21 मई से ऑनलाइन वोटिंग शुरू की है। इसमें शहरवासियों को वेबसाइट खोलकर स्मार्ट सिटी के लिए दिए गए तीन विकल्पों में से एक चुनकर अपना नाम और मोबाइल नंबर टाइप कर वोटिंग करनी है। अभी ऑनलाइन वोटिंग का आंकड़ा काफी धीमा चल रहा है। शाम 7.30 बजे तक ऑनलाइन वोटिंग के जरिए विकल्प एक में 11 प्रतिशत, दो में 41 प्रतिशत और तीन में 48 प्रतिशत वोटिंग हुई। इससे पहले रामगंगा नगर में स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट पर शहरवासियों से ऑनलाइन वोटिंग के जरिए राय मांगी गई थी। इसमें मात्र 25 सौ वोट पड़े जिनमें छह सौ लोगों ने ही रामगंगा नगर में नया स्मार्ट शहर बसाने पर अपने सुझाव दिए।
ऑनलाइन वोटिंग में ये हैं तीन विकल्प
1- जंक्शन से चौपुला चौराहा, दर्जी चौक, श्यामगंज, सेटेलाइट बस स्टैंड, गांधी उद्वान, अक्षर विहार तालाब में 1270 एकड़ एरिया को रेट्रोफिटिंग के माध्यम से विकसित करना।
2- पीलीभीत बाईपास रोड, छोटी विहार, उमंग फेस टू, महानगर कालोनी, सुपर सिटी, ग्रीन पार्क, ग्रेटर ग्रीन पार्क कालोनी एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 1850 एकड़ एरिया को डेवलप करना।
3- राजेंद्र नगर, पटेल नगर, राजीव कुंज, डीडीपुरम, कृष्णा कालोनी, नेहरू पार्क कालोनी, साकेत और मॉडल टाउन के 1150 एकड़ एरिया का डेवपलमेंट।