थाना नीमगांव के गांव सुनौरी में बुधवार की रात 16 वर्षीय किशोर को प्रेम प्रसंग में किशोरी के परिवारवालों ने घर में खींचकर बांके से काट दिया। मरणासन्न हालत में उसे जिला अस्पताल से रेफर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार वाले एक माह पूर्व हुए झगड़े को हत्या की वजह बता रहे हैं, जबकि पुलिस इसे प्रेम प्रसंग में हत्या मान रही है। वारदात के दौरान किशोरी घर से भाग गई है। पुलिस ने पहले जानलेवा हमला फिर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
सुनौरी निवासी बेवा हलीमा ने बताया कि एक महीने पहले पड़ोसी जामिद खां का उसके पुत्र जुनैद से काफी विवाद हो गया था। इससे जामिद खां और उसके परिवार के लोग उससे रंजिश मानते थे। बेटे को जान से मारने की भी धमकी दी थी।
बुधवार की रात करीब एक बजे जुनैद घर के बाहर लघुशंका को गया था। तभी जामिद खां अन्य परिजनों के साथ मिलकर जुनैद को अपने घर में खींचकर ले गया और बांके से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। बेटे की चीखपुकार पर उन्होंने शोर मचाया।
हलीमा ने कहा कि तुरंत यूपी 100 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचते हूटर की आवाज सुनकर आरोपी परिवार समेत मौके से भाग गया। जुनैद खून से लथपथ पड़ा था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया जहां ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर आते ही ग्रामीणों ने आरोपी जामिद खां को खोजकर पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस ने उसे ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया।
प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है, जबकि मृतक की मां पुरानी रंजिश बता रही है। आरोपी जामिद खां और उसके घरवालों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
-प्रदीप सिंह, सीओ मितौली