शहबाजपुर गांव में मुंबई से आए युवक के कोरोना संक्रमित मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। शहबाजपुर गांव ही आसपास इलाके के लोग भी इससे दहशत में हैं। बुधवार सुबह पहुंचे एसडीएम (प्रशासन) वीके सिंह और एसपी (देहात) डॉ. संसार सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे और पूरे गांव को सैनिटाइज कराया। स्वास्थ्य विभाग की नौ टीमें घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। हर छह घंटे बाद गांव को सैनिटाइज कराया जा रहा है। गांववालों के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने के लिए मस्जिद के पास ही एक किराना की दुकान तय की गई है। पुलिस कोरोना पॉजिटिव युवक के रिश्तेदारों, परिचितों को भी तलाश रही है।
मुंबई में जूस का ठेला लगाने वाला युवक चार दिन पहले अंगूर के ट्रक में छिपकर बरेली पहुंचा था। वहां से पैदल गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने सूचना एसडीएम आंवला को दी। इसके बाद उसे रामनगर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसने डॉक्टरों को गुमराह करके बताया कि दिल्ली से आया है, इसके बाद डॉक्टरों ने उसे घर में क्वारंटीन रहने की बात कहकर भेज दिया। ग्रामीणों ने फिर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। युवक के मुंबई से आने की खबर से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को बरेली ले जाकर 300 बेड के अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया और सैंपल जांच के लिए भेजा। मंगलवार शाम युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन हिल गया। आनन फानन रात में ही पूरे गांव को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे करके ग्राम प्रधान सहित 31 लोगों को बरेली ले जाकर क्वारंटीन कर दिया।
मुंबई से तीन दिन पहले पलथा आए दो युवकों के सैंपल भेजे
रामनगर के पलथा गांव में भी दो युवक तीन दिन पहले मुंबई से आए थे। शहबाजपुर में पॉजिटिव मिले युवक की तरह इन दोनों ने भी स्वास्थ्य विभाग की टीम से सच्चाई छुपाई थी। टीम ने दोनों के सैंपल लेकर बरेली में तीन सौ बेड के अस्पताल में क्वारंटीन किया है, इनमें से एक युवक शहबाजपुर के कोरोना संक्रमित के चाचा का साला है। वह मुंबई में फल और जूस बेचता था। दूसरा ट्रक ड्राइवर है, जो इन लोगों को ट्रक में छिपाकर मुंबई से लाया था। मीरगंज होते हुए ये लोग पलथा पहुंचे थे। यहां रुकने के बाद कोरोना संक्रमित अपने साथी के साथ ब्लॉक क्षेत्र के ही गांव अजमेर अपनी बुआ के यहां चला गया था। वहां चाय नश्ता करके घर चला आया था।
क्वारंटीन सेंटर में तबीयत बिगड़ने पर चार लोग बरेली भेजे
रामनगर जैन धर्मशाला में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में बुधवार सुबह चार प्रवासी मजदूरों की तबीयत बिगड़ने पर सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। सभी को तेज बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
आगरा से आए युवक और बैंक कैशियर की हालत बिगड़ी
मझगवां ब्लॉक के गांव मंडौरा में दो दिन पहले आगरा से आए एक युवक की हालत बिगड़ने पर गांववालों की सूचना पर उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। मझगवां पीएचसी प्रभारी ने बताया कि आगरा से आए युवक में कोरोना के लक्षण दिखने पर उसे सैंपल देने के लिए भेजा गया है। वहीं कस्बे में एक बैंक शाखा के कैशियर ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। उनकी हालत खराब होने की चर्चा है।