बरेली। आंधी-बारिश का असर ट्रेनों की रफ्तार पर भी पड़ रहा है। सोमवार-मंगलवार की रात 12231 चंडीगढ़ सुपरफास्ट ट्रेन का इंजन काकोरी स्टेशन के पास फेल हो गया। इस कारण यह ट्रेन साढ़े तीन घंटे की देरी से मंगलवार सुबह 5:40 बजे बरेली आई। पहाड़ों पर बारिश के कारण देहरादून से चलने वाली राप्ती-गंगा और जनता एक्सप्रेस को रिशेड्यूल कर पांच घंटे तक देरी से चलाया गया। इसका असर बरेली में भी दिखा। यहां से गुजरने वाली 30 से ज्यादा ट्रेनों ने इंतजार कराया।
पहले से लेटलतीफी का शिकार विशेष ट्रेनों की स्थिति मौसम की मार के कारण और भी खराब हो रही है। 90 फीसदी विशेष ट्रेनें देरी से चल रही हैं। ज्यादा किराया देने के बावजूद विशेष ट्रेनों से यात्रियों का सफर समय से पूरा नहीं हो रहा। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच रेलवे ने पटरियों और ओएचई लाइनों की पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। मंगलवार को 03221 राजगीर-उधमपुर विशेष ट्रेन आठ और 04019 बरौनी-आनंद विहार विशेष ट्रेन 10 घंटे देरी से आईं। 04213 अयोध्या-आनंद विहार विशेष ट्रेन और 04603 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-वाराणसी विशेष ट्रेन ने तीन-तीन घंटे तक इंतजार कराया।