बरेली। आईएमसी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर पैगंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब की बीवी हजरत आयशा पर बनाई जा रही फिल्म रोक लगाने के साथ निर्माता को गिरफ्तार करने की मांग की।
आईएमसी जिलाध्यक्ष मुहम्मद सलीम खां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर फिल्म निर्माता शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन के खिलाफ प्रदर्शन कर डीएम को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया है कि इस्लाम धर्म की आस्था के अनुसार अल्लाह और अल्लाह के नबी की मूर्ति-स्केच बनाना सख्त मना है। यह मुसलमानों की आस्था का मामला है। ज्ञापन में कहा गया कि राजनीतिक लाभ के लिए काल्पनिक कहानी पर फिल्म बनाकर मुसलमानों की आस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। ज्ञापन देने वालों में प्रवक्ता डॉ. नफीस खान, मुहम्मद जुनेद खान, अधिवक्ता एम इकबाल, शमशाद प्रधान, मुनीर इदरीसी, अफजाल बेग, फरहान रजा खां, शाहनवाज खान वारसी, आबिद हुसैन मंसूरी, इलियास अंसारी सहित तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।