आईएमए चुनाव- सचिव निर्वरोध, अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय बाद होगा घमासान
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। आईएमए चुनाव में काफी अरसे बाद अध्यक्ष पद के लिए घमासान होगा। अभी तक आपसी सहमति से अध्यक्ष पद के दावेदार निर्विरोध चुने जाते रहे हैं। सोमवार कोनामांकन वापस के अंतिम दिन अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह, चुनाव कमेटी के कार्यकारी चेयरमैन डॉ. जेके भाटिया और सदस्य डॉ. विपुल कुमार ने बैठक बुलाई। बैठक के बाद तमाम पदों के दावेदार लोगों के नाम फाइनल किए गए।
आईएमए में तमाम पदों के लिए 29 सितंबर को चुनाव होने हैं। चुनाव की घोषणा के बाद अध्यक्ष के एक दावेदार डॉ. डीपी गंगवार के एक ग्रुप में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी वजह से चुनाव कमेटी के दो सदस्यों ने इस्तीफा भी दे दिया था। नए सदस्यों की मीटिंग के बाद डॉ. डीपी गंगवार के पक्ष में फैसला लेकर उन्हें अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की अनुमति मिल गई थी। चुनाव से नामांकन वापस लेने की तारीख भी बढ़ाकर सोमवार तक कर दी गई थी। इस बीच एसोसिएशन के पीआरओ पद के दावेदार रहे डॉ. सोमेश मेहरोत्रा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। साथ ही अन्य नामांकन वापस होने के बाद डॉ. राजीव गोयल सचिव और डॉ. निकुंज गोयल मेंबर हॉस्पिटल एडवाइजरी कमेटी पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। अब चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए डॉ. डीपी गंगवार, डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल और डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल मैदान में हैं।