श्यामगंज अनाज मंडी में लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
प्रेमनगर, किला और सिविल लाइंस इलाके में भी दिन भर खुली रहीं दुकानें
बरेली। अनलॉक-1 में कुछ रियायतें क्या मिलीं, श्यामगंज के व्यापारियों ने प्रशासन के नियम-कायदों का मखौल उड़ाना शुरू कर दिया है। रविवार को बंदी के आदेश के बावजूद श्यामगंज का बाजार खुल गया। दोपहर के वक्त एसीएम को इसका पता चला तो उन्होंने यहां पहुंचकर दुकानदारों को हड़काकर दुकानें बंद कराईं। श्यामगंज के अलावा कोतवाली, प्रेमनगर और किला इलाके में भी सुबह नौ से देर शाम तक दुकानें खुलीं रहीं। कई जगह सामाजिक दूरी के दायरे भी खुलेआम टूटते दिखाई दिए।
लॉकडाउन में प्रशासन ने रविवार को साप्ताहिक बंदी घोषित की हुई है, बावजूद इसके श्यामगंज में हर बंदी के दिन ज्यादातर दुकानें खुलती आ रही हैं। रविवार को ऐसा ही हुआ। इसकी जानकारी मिलने पर एसीएम रोहित यादव फोर्स लेकर श्यामगंज पहुंचे। फ्लाईओवर के नीचे एक पंसारी की दुकान में भीड़ देखी तो वे गुस्सा गए और दुकानदार को बुला हड़काया। पंसारी ने तुरंत शटर गिरवाए, इससे पहले भी यह दुकान दो बार साप्ताहिक बंदी में खुली मिलने पर पुलिस व्यापारी को पकड़कर पीट चुकी है।
इस दौरान एसीएम ने एक अन्य व्यापारी से दुकान खोलने का कारण पूछा तो उसने बहस शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया, बाद में उसके माफी मांग लेने पर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। बाजार में इसकी जानकारी मिलते ही मिर्च वाली गली समेत सभी दुकानदार प्रतिष्ठान बंद कर भाग गए।
उधर, पंजाबी मार्केट, नावल्टी चौराहा, कुतुबखाना, कोहाड़ापीर, सीबी गंज, प्रेमनगर, किला, सीबी गंज क्षेत्र में भी तमाम दुकानें खुली थीं। कुमार सिनेमा के सामने दो दुकानों पर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। इनमें से एक दुकानदार पिछले दिनों सैनिटाइजर की कालाबाजारी में भी पकड़ा गया था। अवैध दुकानों पर भीड़ देखकर कुछ लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट को फोन किया लेकिन रिसीव नहीं हुआ।