डेलापीर थोक सब्जी मंडी से बरामद क्रत्रिम रंग से भरे ड्रम।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। डेलापीर थोक सब्जी और फल मंडी में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई तोड़फोड़ में केमिकल से भरे ड्रम बरामद हुए तो मंडी परिषद अफसर भी सकते मेें आ गए हैं। क्योंकि ये केमिकल सब्जी को रंगने और पकाने के काम में लिया जाता है। अफसर यह समझ नहीं पा रहे हैं कि मंडी परिसर में अवैध कारोबार कौन चलवा रहा था। मंडी परिषद ने एफएसडीए विभाग को लिखकर कहा है कि बरामद केमिकल की जांच कराकर संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कारोबारियों ने आधा दर्जन से ज्यादा लोहे और टीन से अवैध दुकानें मंडी गेट पर बना लीं। शनिवार दोपहर जेसीबी से अवैध दुकानें तोड़ी गयी तो उसमें तमाम केमिकल भरे ड्रम मिले। मंडी स्टाफ ने पूछताछ की तो पता चला कि इन केमिकल का इस्तेमाल सब्जियां, फल चमकाने, गलाने और पकाने के काम में लिया जाता है। मंडी परिसर में सब्जियों को चमकदार बनाने, अदरक को नया बनाने, फल पकाने और पपीता आदि को गलाकर आचार बनाने की शिकायतें लंबे अर्से से आ रही हैं। पिछले कुछ माह पहले खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) सहायक आयुक्त संजय पांडे और जिला अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्रा ने छापा लगाकर अदरक चमकाने का केमिकल पकड़ा था। इसके बावजूद मंडी में अवैध धंधा जारी रहा। इसका खुलासा अतिक्रमण विरोधी अभियान में हुआ। अभियान में 50 से ज्यादा अवैध दुकानें और फड़ आदि ध्वस्त की गई थीं।
मंडी अफसर सतर्क
मंडी परिसर में बड़ी मात्रा में केमिकल की मौजूदगी से अफसर सतर्क हो गए हैं। मंडी सचिव ने एफएसडीए विभाग को पत्र लिखकर नमूने भरने और संबंधित कारोबारी पर कार्रवाई को कहा है। शनिवार अवकाश होने से एफएसडीए विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
लिवर किडनी खराब कर सकते हैं केमिकल
सब्जी पर उपयोग होने वाला केमिकल दो तरह का होता है, ऑर्गनिक व इनॉर्गनिक। यह दोनों ही स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक हैं। केमिकल के कारण लीवर-किडनी खराब होने का खतरा सामान्य लोगों से 70 प्रतिशत ज्यादा हो जाता है। एलर्जिक रिएक्शन और हार्ट का खतरा भी बढ़ जाता है।
-डॉ. वीके धस्माना,
अतिक्रमण विरोधी अभियान में अवैध दुकानें गिराने के दौरान बड़ी मात्रा में केमिकल ड्रमों में भरा पाया गया। एफएसडीए विभाग से जांच कराने और कार्रवाई का आग्रह किया गया है। साथ ही मंडी प्रबंधन अपने स्तर से भी कार्रवाई कर रहा है।
- अनिल कुमार, मंडी सचिव