शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया क्रियान्वयन
बरेली। जिन लोगों को विदेश जाना है, उन पर कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज 84 दिन बाद लगाए जाने की बाध्यता लागू नहीं होगी। केंद्र सरकार के इस आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि ऐसे लोगों को अपनी विदेश यात्रा की वजह और उससे संबंधित दस्तावेज दिखाने पर 28 दिन के अंतराल पर ही दूसरी डोज लगा दी जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से प्राप्त आदेश के मुताबिक अब कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके विदेश जाने के इच्छुक लोगों को 84 दिन का इंतजार नहीं करना होगा। उन्हें विदेश जाने से संबंधित सभी तरह के दस्तावेज लेकर जिला प्रतिरक्षण कार्यालय पहुंचना होगा। सत्यापन के बाद उन्हें 28 दिन बाद दूसरी डोज लगवाने की अनुमति दे दी जाएगी।
30 मिनट में बुक हो गए 65 हजार स्लॉट
18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए रविवार सुबह 10 बजे स्लॉट बुकिंग शुरू हुई। महज 15 मिनट में ही 70 फीसदी से ज्यादा स्लॉट बुक हो गए। शेष स्लॉट भी 15 मिनट में 30 फीसदी लोगों ने बुक कर लिए। साढ़े दस बजे तक सभी स्लॉट बुक होने के बाद पंजीकरण कराने वालों को परेशान होना पड़ा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सिंह ने बताया कि अगले छह दिनों के लिए करीब 65 हजार लोगों ने स्लॉट बुक कराए हैं।