डॉग कैनल में तीनों को रखा जाता है अलग-अलग कमरों में
बरेली। पुलिस महकमे में इंस्पेक्टर धाकड़ और उनकी सिपाही फेंग और लाना के लिए नियम न सिर्फ अलग हैं बल्कि कुछ ज्यादा सख्त भी हैं। नौकरी में रहते हुए ब्रह्मचर्य का पालन करना उनके लिए अनिवार्य शर्त है। 12 साल की अपनी नौकरी में तीनों पर पूरी कड़ाई से यह पाबंदी लागू रहेगी। इंस्पेक्टर धाकड़ जल्द ही प्रमोशन के बाद सीओ बनने वाला है, उसने यह नियम तोड़ा तो वह सीओ भी नहीं बन पाएगा। उसके हैंडलर को नौकरी से हाथ अलग धोना पड़ेगा। इसी वजह से हैंडलर को हर वक्त नजर रखनी पड़ती है कि धाकड़ और फेंग में से कोई भी लाना के करीब भी न फटक पाए।
पुलिस महकमे के नियमों के मुताबिक डॉग स्क्वाड के सदस्यों को प्रेम संबंध स्थापित करने की इजाजत नहीं है। नौकरी में रहते हुए वे वंशवृद्धि भी नहीं कर सकते। इसीलिए पुलिस लाइन में इंस्पेक्टर धाकड़, सिपाही फेंग और लाना को अलग-अलग कमरों में रखा जाता है। कमरों से जब भी उन्हें निकाला जाता है, तीनों हैंडलर की कड़ी निगरानी में रहते हैं। डॉग स्क्वाड के हैंडलर बताते हैं कि धाकड़ सात साल का हो चुका है इसलिए लाना से कभीकभार नैन मटक्का तो कर लेता है लेकिन लाना से उसको हमेशा दूर ही रखा जाता है। पुलिस लाइन के डॉग कैनल में इनके अलग-अलग कमरों के आगे एक छोटा सा बरामदा है। खाना खिलाने के लिए तीनों को कमरों से निकालकर बरामदे में लाया जाता है।
सीओ बनेगा धाकड़, लाना और फेंग को प्रमोशन के लिए करना होगा इंतजार
पुलिस विभाग में नौकरी कर रहे इंस्पेक्टर धाकड़ का प्रमोशन होने वाला है। डॉग स्क्वाड की नियमावली के अनुसार इनका कार्यकाल 12 साल का होता है। तीन साल की नौकरी के बाद प्रमोशन होता है। धाकड़ 30 जनवरी, 2021 को सात साल का हो गया। उसकी तीन साल की नौकरी भी पूरी हो गई है। इस लिहाज से उसका सीओ के पद पर प्रमोशन होना तय है। वहीं फेंग और लाना की अभी पौने दो साल की नौकरी हुई है। प्रमोशन के लिए इन्हें अभी एक-डेढ़ साल और इंतजार करना होगा।
18 मार्च को मनाया जाएगा लाना का बर्थ-डे
डॉग स्कवॉड में शामिल सभी डॉग का बर्थ-डे धूमधाम से मनाया जाता है। 18 मार्च को लाना का जन्मदिन है। इस दिन लाना तीन साल की हो जाएगी। हैंडलर ब्रजेश और अमित बताते है 18 मार्च को लाना के घर को गुब्बारों से सजाया जाएगा। बाकायदा केक भी काटा जाएगा। इस दौरान लाना को बर्थ-डे कैप भी पहनाई जाएगी।