फेल होने पर अब छात्र दूसरे कॉलेज में प्रवेश नहीं ले सकेंगे। अगर प्रवेश ले लिया है तो ऐसे छात्र परीक्षा फार्म नहीं भर सकेंगे। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय इसके लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म के प्रोग्राम में बदलाव कराने जा रहा है। यह प्रोग्राम ऐसे छात्रों को ट्रेस कर परीक्षा फार्म भरने से रोक देगा, जिनके प्रवेश नियमानुसार नहीं होंगे। हालांकि स्ट्रीम बदलकर छात्र दूसरे कॉलेज से परीक्षा फार्म भर सकते हैं।
परीक्षा फार्म भरने के दौरान अब तक यह ट्रेस नहीं हो पाता था कि यह छात्र पहले किस कॉलेज से परीक्षा दे चुका है, उसका रिजल्ट क्या रहा। इस साल कई ऐेसे मामले आए जिसमें छात्र एक कॉलेज से फेल हो गया तो दूसरे कॉलेज से परीक्षा फार्म भरके परीक्षा में शामिल हो गया। दोहरा पंजीकरण नंबर भी जारी हो गया। इसके अलावा कई ऐसे छात्र पकड़ में आए जिनका गैप तीन साल से ज्यादा था और उनके परीक्षा फार्म भरवा दिए। इस बार कॉलेजों को निर्देश दे दिए गए हैं मानक पूरे करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रवेश दें। दूसरे कॉलेज से फेल विद्यार्थी को उसी स्ट्रीम से परीक्षा फार्म न भरवाएं। छात्र को अपना कोर्स उसी कॉलेज से पूरा करना होगा जहां प्रवेश लिया। हालांकि अगर बीएससी का छात्र फेल है और वह दूसरे कॉलेज में बीए में प्रवेश लेता है तो उसको कोई दिक्कत नहीं होगी। इसके अलावा दोहरे पंजीकरण पर भी रोक लग गई है। पंजीकरण नंबर जारी होने पर उसका दूसरे कॉलेज से पंजीकरण नहीं होगा। ऐसे मामलों पर लगाम लगाने के लिए विश्वविद्यालय ऑनलाइन परीक्षा फार्म के प्रोग्राम में बदलाव करने जा रहा है। अक्तूबर में परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू होगी।
वर्जन
इस बार ऑनलाइन परीक्षा फार्म के प्रोग्राम में बदलाव कराया जा रहा है। तीन साल के गैप वाले, दोहरे पंजीकरण वाले और फेल छात्रों द्वारा दूसरे कॉलेज से उसी स्ट्रीम में प्रवेश लेने पर परीक्षा फार्म नहीं भरा जाएगा। कॉलेजों को भी अवगत करा दिया गया है।
-महेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक