रेल में अपराध या भ्रष्टाचार रोकने को यूपी 100 डायल की तर्ज पर जीआरपी ने नया व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। यात्री जीआरपी के चक्कर लगाने के बजाय 9454404444 व्हाट्सएप नंबर पर संदेश, फोटो, ऑडियो व वीडियो क्लिप भेजकर फौरन शिकायत दर्ज करा सकेंगे। चौबीसों घंटे सक्रिय रहने वाले नंबर पर मिली शिकायत पर न सिर्फ त्वरित कार्रवाई होगी, बल्कि शिकायतकर्ता को परिणाम की जानकारी भी दी जाएगी।
जीआरपी सीओ जितेंद्र सिंह ने बुधवार को रेलवे जंक्शन जीआरपी थाने में व्हाट्सएप पर शिकायत सुविधा का शुभारंभ करते हुए कहा कि अभी तक ट्रेन में सफर के दौरान जेबतराशी, सामान चोरी, लूट, छेड़खानी आदि की शिकायत दर्ज कराने के लिए यात्रियों को जीआरपी थाने या स्कॉर्ट से संपर्क करना पड़ता था, जिससे यात्रा बाधित होती थी। इसके अलावा, भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए कोई आसान माध्यम भी नहीं था। अब अपराध व भ्रष्टाचार पर यात्री अपने मोबाइल से व्हाट्सएप के जरिये शिकायत कर सकेंगे। क्लिक करते ही उनकी शिकायत लखनऊ स्थित जीआरपी मुख्यालय (डीजी कार्यालय) स्थित कंट्रोल रूम पहुंच जाएगी। वहां से संबंधित थाने-चौकी व अफसरों को भेज दी जाएगी। जीआरपी मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में चौबीसों घंटे न सिर्फ शिकायत सुनी जाएंगी, बल्कि त्वरित निस्तारण कराने के साथ ही शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाएगी। मैसेज, फोटो, ऑडियो व वीडियो क्लिप भेजकर शिकायत की जा सकेगी। प्रेस कांफ्रेंस में सिटी स्टेशन जीआरपी थाना एसओ विकास कुमार और जंक्शन जीआरपी थाने के एसएसआई राजेंद्र सिंह सिरोही मौजूद रहे।