बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के आईसीएआर जोनल टूर्नामेंट (ईस्टर्न जोन) - 2015 में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान कटक को मिला। दूसरा स्थान भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर को दिया गया। पुरुष प्रतिस्पर्धा के लिए राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान कटक के पीके परिदा को व्यक्तिगत चैंपियन और महिलाओं के प्रतिस्पर्द्धा के लिए अंतर-देशीय मत्स्य अनुसंधान संस्थान बैरकपुर के सिबिना मोल्स को चैंपियन रहीं।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में टेबल टेनिस के लिए राष्ट्रीय जूट अनुसंधान संस्थान कोलकाता की टीम विजेता रही। केंद्रीय जूट अनुसंधान संस्थान बैरकपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही। टेबल टेनिस की एकल प्रतियोगिता में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर की डॉ. अलका तोमर विजेता रहीं। वहीं भारतीय जल प्रबंधन संस्थान भुवनेश्वर की मौसमी राय चौधरी दूसरे स्थान पर रहीं। टेबल टेनिस डबल्स में केंद्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान पोर्ट ब्लेयर की जीवी कांतम और चंपा राय दास विजेता, भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर की डॉ. अलका तोमर और रंजना गुप्ता दूसरे स्थान पर रहीं। कबड्डी के मुकाबले में राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान कटक की टीम विजेता रही और सीआईएफए भुवनेश्वर की टीम दूसरे स्थान पर रही। फुटबॉल में केंद्रीय चावल अनुसंधान संस्थान कटक प्रथम रहा। वॉलीबॉल (स्मेसिंग) में केंद्रीय जूट अनुसंधान संस्थान बैकरपुर की टीम विजेता और सीआईएफए भुवनेश्वर की टीम को दूसरा स्थान मिला। वॉलीबॉल शूटिंग में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर की टीम पहले और राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान कटक की टीम दूसरे स्थान पर रही। बास्केटबॉल में एनईएच बारापानी की टीम पहले और राष्ट्रीय मिथुन अनुसंधान नगालैंड की टीम दूसरे स्थान पर रही। पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता में भारती पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर की टीम पहले और राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान कटक की टीम दूसरे स्थान पर रही। महिला बैडमिंटन की एकल प्रतियोगिता आईवीआरआई इज्जतनगर की डॉ. रेखा पाठक पहले और इसी संस्थान की डॉ. अलका तोमर दूसरे स्थान पर रहीं। बैडमिंटन डबल्स में आईवीआरआई की रेनू गोस्वामी, दलजीत कौर पहले और कटक की रोशलिया किडो और सविता साहू दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में शतरंज में आईवीआरआई के दीपक नारायण विजेता और सिफरी बैरकपुर के सत्यव्रत विश्वास उपविजेता रहे। महिला वर्ग में शतरंज में एकल प्रतियोगिता में आईवीआरआई की रेनू गोस्वामी पहले और भुवनेश्वर की मौसमी राय चौधरी दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में कैरम की एकल प्रतियोगिता में कटक के एके परीदा पहले और आईवीआरआई के मोहम्मद वसीम दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में एकल प्रतियोगिता में बैरकपुर की गीता दास पहले और पोर्टब्लेयर की जीवी कांतम दूसरे स्थान पर रहीं।
जोनल टूर्नामेंट के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पोस्ट मास्टर जनरल एमएल कालिया ने आईसीएआर के 16 संस्थानों से आए खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल से सिर्फ शारीरिक विकास ही नहीं होता, बल्कि मानक को इससे आत्मानुशासन और आत्मसंयम की सीख मिलती है। संस्थान के निदेशक डॉ. आरके सिंह ने कहा कि चार दिन में खेले गए खेलों और इन संस्थान की मधुर स्मृतियों को यहां से लेकर जाएं। खेलकूद प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने खेलकूद प्रतिस्पर्द्धाओं की प्रगति रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम का संचालन निदेशक के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. सत्यवीर सिंह मलिक ने किया। समापन समारोह के अंत में खेल सचिव डॉ. एम हक ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संस्थान के वैज्ञानिक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी भारी संख्या में मौजूद रहे॥