बरेली। फतेहगंज पश्चिमी में रबर फैक्टरी के पास रहने वाले निजी बैंककर्मी मुनेंद्र मिश्रा (23) का 13 दिनों से सुराग नहीं मिल रहा है। अब उनके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्होंने आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस मुनेंद्र को जीवित मानकर तलाश कर रही है।
फतेहगंज पश्चिमी थानाप्रभारी अभिषेक कुमार के मुताबिक, मुनेंद्र 27 अक्तूबर से लापता हैं। चार नवंबर को परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मुनेंद्र पर कई लोगों का लाखों रुपये का कर्ज है। वायरल हो रहे वीडियो में वह लोगों से रुपयों के लेनदेन, शेयर मार्केट में रकम डूबने की बात कह रहे हैं। कुछ लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगा रहे हैं। उनके पास जहर की शीशियां, सल्फास के पैकेट रखे दिख रहे हैं और वह आत्महत्या की बात कह रहे हैं। हालांकि, मुनेंद्र की आत्महत्या की कोई पुष्टि नहीं है। वीडियो की सत्यता व लोकेशन की जांच कराई जा रही है। मुनेंद्र का मोबाइल नंबर तीन नवंबर से बंद है। इससे पहले वह परिजनों से बात कर रहे थे। ब्यूरो