डीएम ने तैयार किया खाका, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से होगा काम
विज्ञापन
एडीएम सिटी ऑफिस के पास खाली जमीन पर बनेगी पार्किंग
बरेली। कलक्ट्रेट में कारें खड़े करने को लेकर काफी दिक्कत होती है। दरअसल, कलक्ट्रेट के बाहर या अंदर कोई पार्किंग नहीं है। अधिकारियों की गाड़ियां भी इधर-उधर खड़ी रहती हैं। पार्किंग की समस्या को देखते हुए डीएम नितीश कुमार ने एडीएम सिटी कार्यालय के पास खाली पड़ी जमीन पर हाइड्रोलिक पार्किंग बनाने का फैसला किया है। उन्होंने नगर आयुक्त से बात कर इसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल करने का कहा है।
पिछले दिनों डीएम ने चकबंदी विभाग के बाहर निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी कार्यालय के पास काफी जमीन खाली देखकर वहां हाइड्रोलिक पार्किंग बनाने को कहा। यह जमीन तहसील के ठीक सामने कचहरी वाली सड़क के गेट पर है। यहां 30 कारों को खड़ी करने की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा रजिस्ट्री कार्यालय के आसपास भी पार्किंग के लिए जमीन तलाशी जा रही है। यहां बता दें कि रजिस्ट्री ऑफिस के बाहर पार्किंग के लिए कोई जगह न होने के कारण वहां दिन भर जाम लगा रहता है।
कलक्ट्रेट के आस-पास नहीं है कोई पार्किंग
कलक्ट्रेट परिसर के आसपास दिन भर भीड़ रहती है। यहां पास में ही तहसील, रजिस्ट्री कार्यालय एवं एसएसपी ऑफिस हैं। इसके अलावा कचहरी भी यहीं है। यहां दिन में अच्छी खासी भीड़ रहती है। कारें खड़ी करने के लिए यहां कोई पार्किंग नहीं है। मजबूरी में लोग सड़क किनारे कारें खड़ी करके चले जाते हैं। इससे यातायात प्रभावित होता है। कितनी ही बार गाड़ियों का चालान हो चुका है, लेकिन और कोई विकल्प न होने के कारण मजबूरी में लोगों को सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करनी पड़ती हैं।