कार और मोबाइल छोड़कर भागा था आरोपी
आकाश सोमवार को भी वृंदावन आया था, लेकिन वह अपनी कार और मोबाइल छोड़कर भाग गया था। तब से पुलिस उसको तलाश कर रही थी। बुधवार रात पुलिस ने ढकिया मंदिर के नजदीक से आकाश, उसके दोस्त रूपेंद्र और प्रेमिका पूजा को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें थाने लाकर जब पूछताछ की गई तो आकाश ने बताया कि उसका पूजा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
करीब सात-आठ माह पहले पूजा का पति बदन सिंह अचानक गायब हो गया तब आकाश ने उसकी काफी मदद की थी, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं थीं। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे, लेकिन उन्हें मीरा का डर था कि वह कहीं हंगामा न कर दे। पूजा ने कहा था कि वह उसको रास्ते से हटा दे, तभी वह उसके साथ रह पाएगी। इससे आकाश उसकी बातों में आ गया। फिर योजना के तहत शनिवार को उसे मायके में छोड़ा और रविवार रात अपने दोस्त के साथ वृंदावन आकर उसकी हत्या कर दी।
ऐसे की थी मीरा की हत्या
आकाश को डर था कि अगर वह मीरा की हत्या अपने घर या गांव में करेगा तो सीधे उसका नाम आएगा, जिससे उसने एक योजना बनाई कि वह उसको ससुराल में जाकर मारेगा और किसी को पता नहीं चलेगा। इससे वह शनिवार को उसे मायके में छोड़कर आया था। फिर वह रविवार रात करीब 10 बजे उसके गांव वृंदावन पहुंचा।
उसने मीरा को कॉल की और उसे चुपचाप गांव के बाहर आने को कहा, जिससे मीरा बिना बताए चुपचाप उठकर चली आई। हालांकि वह बच्चों को बता आई थी कि उनके फूफा बुला रहे हैं। जैसे ही मीरा उसके पास पहुंची कि उसने उसे खेत में ले जाकर धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आकाश ने गला दबाया और उसके दोस्त रूपेंद्र ने उसका मुंह दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गांव में चर्चा- पूजा के पति की भी हत्या की गई
मीरा हत्याकांड के बाद से दिसौलीगंज में एक चर्चा आम हो गई है कि पूजा ने ही अपने पति बदन सिंह की हत्या कराई थी। उसका पति दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। उस दौरान से ही पूजा का आकाश से प्रेम प्रसंग चल रहा है। आठ माह पहले बदन सिंह दिल्ली से आया था। तभी उसने पूजा और आकाश को एक साथ देख लिया था।
उसके बाद दोनों ने उसकी हत्या कर दी थी। इसके कुछ दिन बाद सड़क किनारे कूड़े के ढेर में दबा हुआ एक शव मिला था लेकिन पूजा ने उसको पहचानने से इनकार कर दिया। उस मामले का आज तक खुलासा नहीं हुआ है। अब पुलिस इस मामले से जोड़कर उसका भी खुलासा कर सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।