घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का भी आरोप, पुलिस में शिकायत
सीबीगंज। कोरोना संक्रमित शिक्षक की मौत के बाद ससुराल वाले उनकी पत्नी और बच्चों को परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि उन्हें घर से निकालने के लिए ससुराल वालों ने मारपीट की और सामान तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की तहरीर सीबीगंज थाने में दी है ।
सीबीगंज के गांव मथुरापुर निवासी शिक्षक चंद्रपाल साहू पंचायत चुनाव के दौरान संक्रमित हो गए और 28 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी विमलेश, बेटी सलोनी और बेटा आयुष है। विमलेश का आरोप है कि जेठ और देवर की मानसिक हालत ठीक न होने का फायदा लेते हुए ससुराल पक्ष के कुछ लोग उन्हें घर से भगाना चाह रहे हैं। इसका विरोध करने पर सोमवार रात करीब आठ बजे ससुराल पक्ष के कुछ लोग उनके कमरे में घुस आए और मारपीट कर उनका सामान तोड़ दिया। उन्होंने इसकी तहरीर सीबीगंज थाने में दी है। संवाद