लोगों के कामकाज हुए प्रभावित, विद्यार्थी, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हुई ज्यादा परेशानी,
फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे किनारे टिसुआ के पास एक ढाबे के सामने किसी वाहन ने बृहस्पतिवार सुबह सात बजे 33 केवी के हाईटेंशन (एचटी) लाइन के खंभे में टक्कर मार दी। खंभे के गिरने के बाद फतेहगंज पूर्वी कस्बा और करीब 100 गांवों की बिजली गुल हो गई। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। लोगों के नियमित कामकाज प्रभावित हुए। सबसे ज्यादा परेशानी विद्यार्थी, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हुई। बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा। 12 घंटे बाद जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
कस्बे के अतुल मिश्रा, निवड़िया गांव के किसान सुशील कुमार शर्मा समेत आदि लोगों ने बताया कि फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर अंधरपुरा फीडर से आने वाली विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण हीटर, ब्लोअर और रूम हीटर जैसे उपकरण बंद पड़े रहे। कई परिवार पूरे दिन कंबल और रजाई में दुबके रहने को मजबूर रहे। मोबाइल फोन चार्ज न होने से संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई। वहीं, ऑनलाइन कामकाज और घरेलू कार्य भी ठप हो गए। बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति पर भी साफ दिखाई दिया।
सुबह से मरम्मत कार्य में जुटे रहे विद्युतकर्मी
अवर अभियंता फतेहगंज पूर्वी राम सिंह ने बताया कि विद्युत निगम की तरफ से नया खंभा लगाया गया है। बाकी अन्य खंभों से उतरे तारों को ठीक कराया गया है। कुछ इंसुलेटर भी टूट गए थे, जिन्हें बदल दिया गया। बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
अधिक शटडाउन होते हैं तो इसे ठीक कराया जाएगा
फरीदपुर एसडीओ उमेश कुमार ने बताया कि लगातार ट्यूबवेल की सप्लाई देने का प्रयास किया जा रहा है। अगर अधिक शटडाउन होते हैं तो इसे ठीक करवाया जाएगा। वहीं, लखनऊ से जारी किए गए रोस्टर के अनुसार ही आपूर्ति दी जाती है। संवाद
-
एचटी लाइन में ब्रेकडाउन से 12 घंटे ठप रही बिजली
सिरौली। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए आंवला से आ रही एचटी लाइन में खराबी आ गई। इससे कस्बा और आसपास के गांवों में बुधवार की पूरी रात बिजली गुल रही। 12 घंटे बिजली न होने से गांव अंधेरे में डूबे रहे।
लोगों ने बताया कि आंवला से आ रही 33 केवी की लाइन में खराबी आ गई। बिजली आपूर्ति ठप रहने से सुबह में लोगों को पानी के लिए परेशानी से जूझना पड़ा। इस बीच तमाम लोग बिना स्नान करे मजबूरी में अपने काम पर चले गए। इस बीच क्षेत्र के लघु कारोबार अटा चक्की, आरा मशीन, वेल्डिंग मशीन अन्य कारोबार प्रभावित रहे। संवाद
कस्बे को शाहबाद की लाइन से जोड़े जाने की मांग
बता दें कि कस्बे के लोग एक अरसे से सिरौली को शाहबाद की लाइन से जोड़े जाने की मांग कर रहे हैं ताकि आपूर्ति सुचारू रूप से मिले। आंवला से सिरौली की दूरी 35 किमी है, जबकि शाहबाद की दूरी मात्र 12 किमी है। लंबी लाइन के चलते आए दिन खराब होती है। लोगों का कहना है कि शाहबाद से दूरी बहुत कम है। इस पर फॉल्ट होने पर खराबी जल्द ठीक हो सकेगी। संवाद
अतुल। संवाद
अतुल। संवाद