बहेड़ी के गांव ग्वारी के एक मकान में शुक्रवार देर रात आग लग गई। घर में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। मकान मालिक महेंद्र पाल ने मकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांववासी महेंद्र पाल ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले गांव के ही भारत, राजू व शंकर और उधमसिंह नगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र के गांव बरा निवासी अरुण कुमार ने फोन कॉल और मैसेज के जरिये धमकी दी थी। रात में घर पहुंचकर मकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घर में रखे कपड़े, चारपाई, चौखट, खिड़कियों सहित आठ क्विंटल लाही, 10 क्विंटल गेहूं और पांच क्विंटल धान जलकर नष्ट हो गया। मकान के बाहर खड़ी बाइक भी पूरी तरह जल गई। महेंद्र ने बताया कि वह भाई के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए बहेड़ी स्थित एक रिसॉर्ट में गए थे। लौटकर आए तो गृहस्थी नष्ट मिली। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।