सरकारी परिसरों में जलभराव
आंवला क्षेत्र के रामनगर में विकासखंड कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बारिश का पानी भर गया। इससे लोगों और कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक पानी भर गया था। मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या बार-बार आती है। लोगों ने प्रशासन से पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
मौसम का हाल और पूर्वानुमान
रविवार देर रात से ही तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई थी। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। मंगलवार सुबह भी रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के अनुसार, मंगलवार को बारिश के बाद शहर में उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनेगा। इससे अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। हालांकि, 19 और 20 अगस्त को मानसून कमजोर होने से धूप और उमस परेशान कर सकती है। 21 अगस्त से एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा, जिसके चलते जिले में फिर से झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।