बरेली। जिले में कोरोना संक्रमण जितनी तेजी से फैल रहा है। नतीजा यह है कि करीब आधे शहर में हॉटस्पॉट बन गए हैं। इसके बावजूद सड़कों और बाजारों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होने से पुलिस और डॉक्टरों की मुसीबत भी बढ़ गई है।
अनलॉक-1 में मिली आजादी का लोग गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। बाजारों से सड़कों तक भीड़ लग रही है। मंगलवार को भी चौपुला और सेटेलाइट चौराहे पर वाहनों की बढ़ी संख्या से जाम के हालात थे। वहीं श्यामगंज बाजार से लेकर कुतुबखाना बाजार तक अधिकांश दुकानें खुली थीं। इन पर ग्राहकों की भीड़ भी बेतहाशा उमड़ी थी।
शहर के लगभग हर हिस्से में कोरोना मरीज हैं। पहले जांच कम होने की वजह से इनका पता नहीं लग पा रहा था। अब शहर के अलग-अलग हिस्सों में हॉटस्पॉट घोषित हो चुके हैं। फिलहाल कोतवाली का बिहारीपुर, प्रेमनगर का बानखाना, किला का साहूकारा और कैंट के मोहनपुर मसीतगंज में हॉटस्पॉट बन गए हैं। नया हॉटस्पॉट बारादरी में पीलीभीत रोड पर बन सकता है, जहां निजी अस्पताल की नर्स पॉजिटिव पाई गई है। रामपुर बाग में मंगलवार को एक ओर रास्ता खुलने से लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।
रामपुर बाग में अस्पताल साइड की सील हटी, आवाजाही बढ़ी
- कबाड़ी भी पहुंचने लगे अस्पतालों का कचरा खरीदने, हो सकता है खतरा
बरेली। रामपुर बाग हॉटस्पॉट में पुलिस की सख्ती कम होने से खतरा बढ़ सकता है। डीएम के निर्देश पर एक साइड की सील हटा दी गई है, जिससे कबाड़ियों तक की आवाजाही शुरू हो गई है।
रामपुर बाग में संक्रमित डॉक्टर के अस्पताल से लेकर आवास तक को हॉटस्पॉट के दायरे में लिया गया था। यह दायरा सामान्य हॉटस्पॉट से अधिक करीब 400 मीटर का था। जिला प्रशासन ने अब अस्पताल साइड की सुरक्षा हटाने का निर्देश दिया तो चौकी चौराहा चौकी प्रभारी वेदपाल ने उस दिशा की बांस बल्ली हटवा दीं। इससे डॉ. सफिया खान अस्पताल साइड की बैरीकेडिंग खुल गई तो तमाम कबाड़ी रामपुर बाग में पहुंच गए। उन्होंने निजी अस्पतालों का कचरा खरीदा। अस्पताल स्टाफ भी नियम कायदे भूलकर बिना मॉस्क पहने घूम रहे इन कबाड़ियों के बीच आकर हिसाब किताब करने लगा। इससे खतरा बढ़ता दिखाई दिया।
डीएम-एसएसपी ने किया हॉटस्पॉट का निरीक्षण
बरेली। डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश पांडेय मंगलवार को हॉटस्पॉट का जायजा लेने निकले। अधिकारियों ने मोहनपुर के मजरा मसीतगंज गौंटिया का निरीक्षण किया। नए हॉटस्पॉट में आ रही अड़चन के बारे में स्टाफ से जानकारी ली। उन्हें सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मदद और कार्रवाई का आदेश दिया।
लॉकडाउन पालन कराने का निर्देश दिया
- एसएसपी ने कोतवाली सभागार में शहर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर लॉकडाउन पालन कराने का निर्देश दिया। एसएसपी ने कहा कि शासन से मिली छूट का लोग दुरुपयोग न करें, इस बारे में विधिक तरीके से कार्रवाई करनी है। गलती करने वालों से मारपीट की बजाय ज्यादा रुपये का चालान करें और उसे नियमों के बारे में समझाएं। रात में प्रस्तावित कर्फ्यू का शत प्रतिशत पालन कराने का काम करें। बैठक में एसपी सिटी रविंद्र कुमार, सीओ सिटी अशोक कुमार, कोतवाल गीतेश कपिल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।