घटना के बाद बिशारतगंज थाने में खड़ी बस
गुलड़िया/बिशारतगंज। दिल्ली से एक निजी बस में बैठकर आ रही युवती के साथ बस में ही सवार तीन शोहदों ने छेड़खानी कर दी। यह देख बस में बैठी अन्य यात्रियों ने इसका विरोध किया तो शोहदों ने उन्हें पीट दिया। बाद में सवारियों की शिकायत पर पुलिस ने बस को बिशारतगंज थाने में खड़ी करा ली है। चालक-परिचालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
अलीगंज-सिरौली मार्ग से होकर दिन में आधा दर्जन से अधिक डग्गामार डबल डेकर बसें दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल आदि स्थानों को जाती हैं। रात में उधर से वापस आती हैं। शुक्रवार की रात को दिल्ली से एक बस दातागंज की तरफ आ रही थी। बताते हैं कि इस बस में भमोरा थाना क्षेत्र की एक युवती कश्मीरी गेट दिल्ली से बस में सवार हुई। बताते हैं कि इस युवती के पास सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम गुरुगांव के कुछ लड़के बैठ गए। बस जब आधे रास्ते के करीब आई तो लड़की के पास बैठे शोहदों ने उसके साथ छेड़खानी कर दी। रास्ते में हद पार होने पर लड़की ने इसका विरोध किया तो शोहदों ने मारपीट की। चीख-पुकार मचने पर यात्रियों ने इसका विरोध किया तो शोहदे शांत हो गए।
कुछ देर बाद बस जब गुरुगांव पहुंची तो आरोपी युवकों ने अपने आधा दर्जन से अधिक दोस्तों को बुला लिया। शोहदे व उनके दोस्तों ने घेरकर बस में बैठी यात्रियों से मारपीट की। बमुश्किल मामला शांत हुआ। इसके बाद बस बिशारतगंज पहुंची, उससे पहले ही सवारियों ने 112 पर फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरा मामला सुनकर बस बिशारतगंज थाने में खड़ी करा ली है। पुलिस ने बस के चालक व परिचालक को थाने में बैठा लिया है।
जांच कर कार्रवाई की जाएगी : थाना प्रभारी
बिशारतगंज के थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पीआरबी की सूचना पर बस को पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग के समीप से पकड़ा गया। बस चालक आजम निवासी मोहल्ला प्यास थाना सिरौली एवं उसके साथी नावेद निवासी प्यास सिरौली को हिरासत में लिया गया है। बस में सवार थाना बिशारतगंज के गांव जैतपुर शरीफपुर निवासी सलमान सैफी व उनके साथियों से मारपीट की गई। सलमान सैफी की ओर से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।