यूबी एरिया जेएलए के कारगिल हॉल में आयोजित हुआ मध्य कमान का अलंकरण समारोह
बरेली। जम्मू-कश्मीर में देश की सरहद में घुसे आतंकवादियों को मार गिराने वाले बहादुर जवानों को शुक्रवार को सम्मान से नवाजा गया। शुक्रवार को यूबी एरिया के कारगिल हॉल में सेना के मध्य कमान ‘अलंकरण समारोह 2020’ का शानदार आयोजन हुआ। इसमें 16 सैन्य अफसर और दस जवानों को उनके वीरता और पराक्रम को सराहते हुए सेना पदक से नवाजा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सेंट्रल कमांड के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल आईएस घुमन (पीवीएसएम, एवीएसएम) ने जवानों को उनकी बहादुरी और देश प्रेम के जज्बे को सराहा। कहा कि सैन्य अफसरों और जवानों को दुश्मन के सामने अदम्य साहस का प्रदर्शन, देश के प्रति कर्तव्य/निष्ठा और सेवा के लिए असाधारण समर्पण की भावना के लिए सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह के पुरस्कारों में 15 सेना पदक (वीरता) समेत 23वीं बटालियन पैराशूट रेजीमेंट के लांस हवलदार विजय कुमार को मरणोपरांत सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया है। जिसे उनकी पत्नी सुमन देवी ने प्राप्त किया। इसके अलावा सेंट्रल कमांड के आर्मी कमांडर ने 12 यूनिटों को उनके सराहनीय और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न यूनिटों के अफसर और जवान मौजूद रहे।