बरेली। जमीन के विवाद में भाभी की बांका से काटकर हत्या करने के आरोपी होमगार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल लिया है। आरोपी होमगार्ड 2021 में भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को रिमांड मजिस्ट्रेट के कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बिथरी चैनपुर थाने के गांव नवदिया हरकिशन निवासी हरप्यारी की 17 मई की रात धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी गई थी। हरप्यारी के बेटे अरविंद ने अपने चाचा होमगार्ड रामपाल और उसके बेटों राहुल व प्रियांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि रामपाल और हरप्यारी के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। नाते-रिश्तेदारों ने दोनों ने सुलह-समझौता कराकर विवाद के निस्तारण का भी प्रयास किया, लेकिन रामपाल रंजिश मानता था।
रामपाल ने पूरे विवाद का कारण हरप्यारी को मान लिया था। इसी कारण उसने हरप्यारी की हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नौगवां हरसहाय पट्टी गांव के पास से हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया है। संवाद