फरीदपुर। हिस्ट्रीशीटर ने बिथरी चैनपुर के दो युवकों को पीटा। मौके पर आई पुलिस के सामने ही आरोपी ने रविवार को फायरिंग की। पुलिसकर्मियों ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह मौके पर अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसकी बाइक को कब्जे में लिया है।
थाना क्षेत्र के रुरिया गांव के लोगों ने बताया कि बिथरी चैनपुर के दो युवक रविवार रात रुरिया गांव की तरफ आ रहे थे। वहीं, रायपुर हंस गांव निवासी एक हिस्ट्रीशीटर अपनी बाइक से उसी रास्ते से आ रहा था। युवक उसकी बाइक को क्रॉस करते हुए आगे निकल गए। इससे हिस्ट्री सीटर नाराज हो गया और उसने पीछा करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। वहीं, गांव में मौजूद पुलिसकर्मियों को जब शोर सुनाई दिया तो वह मौके पर आ गए। पुलिस कर्मियों को देख आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने ताबड़तोड़ कई फायर किए। पुलिसकर्मियों से बचते हुए अपनी बाइक को छोड़ वह भाग गया। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक उसके भय से बिना शिकायत किए चले गए।
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर द्वारा युवकों से मारपीट करने व फायरिंग करने की सूचना मिली है। जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद