बरेली। दीपावली पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण जिले में कई हादसे हुए। इसमें एक वृद्धा समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस के अनुसार नेशनल हाईवे स्थित टोल प्लाजा के पास मौजूद खिरका कावरिया मंदिर के सामने फतेहगंज पश्चिमी से मीरगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद वह बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज हुई कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में कार सवार पांचों युवक गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से पांचों को निकालकर निजी अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि कस्बा के मोहल्ला लोधी नगर निवासी अरुण (18) की इलाज के दौरान मौत हो गई, यहीं के विजय, दिनेश, रवि और कुनाल गंगवार उर्फ छोटू की हालत नाजुक है। कार चला रहे कुनाल गंगवार उर्फ छोटू का हाथ कट गया है।
n बाइकों की भिड़ंत में तीन घायल ः नवाबगंज। क्षेत्र में ही बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गरगइया गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने दूसरा हादसा हुआ। यहां दो बाइकों की टक्कर से कोटेदार और मां-बेटा घायल हो गए। हादसे में रसूला गांव के कोटेदार चंद्रपाल, खंजनपुर गांव के कपिल, उनकी मां पूरन देवी घायल हुई हैं। घायलों को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्यूरो