बरेली। मलूकपुर जुग्गन वाली गली समेत आसपास के क्षेत्र में डायरिया का प्रकोप हावी होने का मामला सुर्खियां बनने पर साफ-सफाई को पहुंची नगर निगम की टीम ने कचरा सड़क पर छोड़ दिया था। अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो बुधवार को यहां सफाई हुई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मलूकपुर की जुग्गन वाली गली समेत आसपास के इलाकों में करीब 43 लोग डायरिया की चपेट में मिले हैं। जो जिला अस्पताल समेत निजी अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से तीन मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। 30 मरीज घर लौट गए हैं। एक बच्चा वार्ड में और आठ अन्य निजी अस्पताल में भर्ती हैं। अमर उजाला ने मामला उठाया तो स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के जिम्मेदार सक्रिय हुए। क्षेत्र में पहुंचकर हर घर दस्तक देकर डायरिया से बचाव के प्रति संवेदीकरण किया। साफ-सफाई कर कूड़ा छोड़ आए थे। इसको लेकर फिर खबर प्रकाशित की गई।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने टीम को फटकार लगाकर वापस भेजा। बुधवार की सुबह करीब छह बजे सफाईकर्मी पहुंचे और सफाई की। इधर, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने जलकल विभाग को पत्र भेजकर जलापूर्ति की पाइप लाइन और घरों से पानी के सैंपल की जांच कराने के लिए कहा है। ब्यूरो