शाहजहांपुर जिले की पुवायां कोतवाली में तैनात दरोगा ने एक युवक को पटे से जमकर पीटा, जिससे युवक की हालत बिगड़ गई। चोट लग जाने से उसकी नाक से खून बहने लगा। पुलिस पहले युवक को एक निजी अस्पताल ले गई।
बाद में पुवायां सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी के डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव मुड़िगवां निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक नवंबर को उनके खेत पर गन्ने की छिलाई हो रही थी। वह मां नन्हीं देवी के साथ खेत पर थे।
दोपहर साढ़े तीन बजे पड़ोस के खेत स्वामी ओमवीर, सोनू, आकाश, विकास अपनी ट्राली में गन्ना भरकर निकले और सिंचाई वाले नाले में उनके खेत से गन्ना उठाकर डाल दिया और ट्रैक्टर निकाल दिया। विरोध करने पर गाली गलौज करने लगे।
मां और पड़ोस के खेत स्वामी गांव गुलौली के शिवदेश्वर सिंह ने आकर बचाने का प्रयास किया तो मारपीट की। इसकी सूचना 112 पर दी गई। इसके बाद वह शिवदेश्वर सिंह के साथ बाइक से पुवायां कोतवाली आए और तहरीर दी तो एक दरोगा ने उनको और शिवदेश्वर को ही हवालात में डाल दिया।