दुधमंहे बच्चे की जांघ में टूटी सुई छोड़ देने का मामला
बरेली। राजेंद्रनगर के एक चाइल्ड हॉस्पिटल को फिर से नोटिस भेजा जाएगा। इस अस्पताल में तीन माह के बच्चे की जांघ में टूटी सुई छोड़ दी गई थी। मामले की शिकायत के बाद अस्पताल को एक बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। लिहाजा अस्पताल को दोबारा नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।
शहर के मोहल्ला संजयनगर निवासी सचिन शर्मा और हेमलता ने 16 नवंबर को अपने तीन माह के बेटे लव्यांश को बुखार आने पर राजेंद्रनगर के एक चाइल्ड हॉस्पिटल में दिखाया था। वहां जांच के लिए ब्लड लेते वक्त कर्मचारियों की लापरवाही से बच्चे की जांघ में सुई टूट गई, लेकिन कर्मचारियों ने न तो उसे निकाला और न ही इस बारे में दंपती को जानकारी दी। बच्चे के लगातार रोने पर जब मां ने बच्चे की जांघ देखी तो उसमें सुई फंसी दिखी। दंपती ने अस्पताल जाकर इसकी शिकायत की तो कोई तवज्जो नहीं दी गई। इसके बाद दंपती ने सीएमओ से लिखित शिकायत की। इसके बाद अस्पताल को नोटिस भेजा गया लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि अस्पताल ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है। एक बार फिर अस्पताल को नोटिस भेजा जाएगा।