बदायूं जिला अस्पताल स्टाफ का कारनामा, युवती को पड़ रहे थे दौरे
हालत में सुधार न होने पर मरीज को निजी अस्पताल ले गए परिजन
बरेली। कुछ दूरी पर मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद बदायूं जिला अस्पताल से गंभीर हालत में महिला को बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवती को दौरे पड़ने की बीमारी थी और बरेली में भी कोई न्यूरोलॉजिस्ट नहीं था। दो दिन तक यहां रखने पर भी युवती की हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन से निजी अस्पताल ले गए।
मरीज की जान की परवाह किए बिना ही बदायूं जिला अस्पताल के डॉक्टर रेफर करने में खेल कर रहे हैं। 27 दिसंबर को भी ऐसा ही हुआ। बदायूं जिला अस्पताल ने एक युवती को गंभीर हालत में भर्ती किया गया। उसे दौरे पड़ रहे थे। जांच के कुछ ही देर में बदायूं जिला अस्पताल ने युवती को बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि वहां से कुछ ही दूरी पर मेडिकल कॉलेज भी है लेकिन फिर भी उसे बरेली भेज दिया गया। हालांकि देर रात बरेली पहुंची युवती को भर्ती कर लिया गया लेकिन न्यूरोलॉजिस्ट न होने के चलते कोई आराम नहीं मिला। इस पर शनिवार को परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। परिवार वालाें ने यहां नाराजगी भी जताई। उन लोगों का कहपा था कि बदायूं जिला अस्पताल से उन्हें मेडिकल कॉलेज या लखनऊ हायर सेंटर को रेफर किया जा सकता था। मगर बरेली रेफर करके उनका समय खराब किया, जिससे मरीज की हालत और बिगड़ गई। सीएमएस डॉ. टीएस आर्या का कहना है कि इस तरह की समस्या से एडी हेल्थ को अवगत कराया है कि ऐसे मरीज को यहां भेजने की बजाय हायर सेंटर में रेफर करे। मगर उसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं है।