बरेली। न्यू ईयर पर 29 से 31 दिसंबर तक सैर सपाटे पर जाना है, इसे लेकर शहर के कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से अभी से सोशलसाइट्स पर मेडिकल स्टोर तीन दिन बंद रहने का मैसेज वायरल करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को मेडिकल स्टोर संचालकाें की बैठक हुई, जिसमें साफ किया गया कि स्टोर संचालक ऐसे किसी मैसेज का समर्थन नहीं करते हैं। सभी मेडिकल स्टोर रोजाना की तरह ही खुलेंगे।
शास्त्री मार्केट में शुक्रवार को बरेली मंडल केमिस्ट वेलफेयर संस्था के अध्यक्ष राजेश ओबराय की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि बंदी के कुछ मैसेज वायरल हो रहे हैं, जो कि गलत हैं। मेडिकल बाजार बंद नहीं रहेगा। बरेली महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश खटवानी ने कहा कि कुछ लोग हैं जो न्यू ईयर पर खुद की सैर सपाटा को लेकर इस तरह के भ्रामक मैसेज फैला रहे हैं। स्टोर संचालक इनका समर्थन नहीं करते।
विजय मूलचंदानी ने कहा कि शहर के लोग इस तरह के मैसेज पर ध्यान न दें। बाजार रोजाना की तरह पूरी तरह खुला रहेगा। बैठक में मेडिकल स्टोर संचालक सचिन, सुधीर सेठी, विनय खटवानी, बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष विजय श्रीवास्तव, मुनीश प्रजापति आदि मौजूद रहे।