बरेली। जिला महिला अस्पताल में दलालों की बढ़ती सक्रियता पर सोमवार को सीएमएस डॉ. अलका सक्सेना ने स्टाफ से कड़ी नाराजगी जताते हुए गार्डों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि दलालों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद वे अस्पताल परिसर में आकर गरीब महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं। संभावना जताई कि महिला अस्पताल के गार्ड भी इसमें शामिल हो सकते हैं। लिहाजा नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया है। संतोषजनक जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शनिवार को और इससे पहले भी कई बार जिला महिला अस्पताल में फर्जी आशा और दलाल महिला मरीजों को अस्पताल की बदहाली का झांसा देकर उन्हें निजी अस्पतालों में भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर सीएमओ को भी पत्र लिखा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। लिहाजा, दलालों की सक्रियता बरकरार है। अब इस मामले में सीएमएस ने गार्डों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्हें कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। सीएमएस की ओर से दलालों को चिह्नित करने के लिए पांच सदस्यीय टीम भी बना दी है।