बरेली। बुधवार को जिले के नोडल अधिकारी नवनीत सहगल विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आ रहे हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। मंगलवार को जिला अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का काम चलता रहा। वहीं टीबी अस्पताल परिसर में चोक सीवर लाइन की सफाई कराई गई। वहीं तीन नवंबर से अनुपस्थित चल रहीं जिला अस्पताल मैनेजर को भी हटा दिया गया है।
सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव और नोडल अधिकारी नवनीत सहगल बुधवार को सुबह 9.30 बजे पहुंचकर किसी एक दफ्तर का निरीक्षण करेंगे। माना जा रहा है कि जिला अस्पताल का भी निरीक्षण कर सकते हैं। अस्पताल प्रशासन इसे लेकर सतर्क है।
सीएमएस टीएस आर्या ने मंगलवार को अस्पताल मैनेजर पूजा चौहान को हटा दिया। पूजा चौहान संविदा पर तैनात हैं और वह तीन नवंबर से अनुपस्थित चल रही थीं। सीएमएस टीएस आर्या ने बताया कि उनकी ओर से जानकारी मिली कि उनका स्वास्थ्य खराब है। इसलिए वह नहीं आ पा रही हैं। इसे लेकर उन्हें हटाया गया है। बुधवार को उनकी जगह दूसरे व्यक्ति की तैनाती की जाएगी। वहीं टीबी अस्पताल परिसर में भी चोक सीवर लाइन की साफ-सफाई कराई गई।