बरेली। बाल कल्याण समिति प्रभारी मजिस्ट्रेट डॉ. डीएन शर्मा ने डॉ. रवि खन्ना को पत्र लिखकर बच्ची सीता की स्थिति बताने को कहा है और लगातार अपडेट भी देते रहने को कहा है। सीता श्मशान घाट पर एक मिट्टी के अंदर दबे घड़े में मिली थी। जिला अस्पताल में उसकी हालत में सुधार न होने पर 12 अक्तूबर को विधायक राजेश मिश्रा ने उसे डॉ. रवि खन्ना के अस्पताल में भर्ती कराया था।
सीडब्लूसी ने डॉ. रवि खन्ना को पत्र लिखकर कहा कि उनके यहां से 12 अक्तूबर को बताया गया था कि जिला अस्पताल से रेफर होकर आई बच्ची का इलाज शुरू कर दिया गया है। उसके बाद बताया गया कि बच्ची को दिमागी सूजन है। नौ नवंबर को डिस्चार्ज करने को कहा गया था, लेकिन बच्ची को डिस्चार्ज नहीं किया गया। सीडब्ल्यूसी ने डॉ. रवि खन्ना से स्थिति साफ करने के साथ आगे से बच्ची के विषय में जो भी निर्णय हो, उन्हें जरूर बताने को कहा है। डॉ. रवि खन्ना की ओर से बताया गया कि बच्ची भर्ती है और स्वस्थ है।