बरेली। हर साल में नवंबर में थमने वाला डेंगू का कहर इस बार अब तक लोगों के दिलों में खौफ कायम किए है। पिछले साल पूरे नवंबर में करीब 10 केस सामने आए थे, लेकिन इस आज एक ही दिन में आठ नए केस सामने हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को जिला अस्पताल में मलेरिया के भी दो केस सामने आए। डेंगू के बढ़ते खौफ के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लार्वा खत्म करा रही हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में 258 रोगियों के ब्लड सैंपल की जांच हुई।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार पिछले साल अक्तूबर-नवंबर में डेंगू के केस बहुत कम सामने आए थे। पिछले साल अक्तूबर में करीब 25 केस सामने ओ थे, लेकिन नवंबर में यह संख्या घटकर 10 के करीब रह गई थी। इस बार नवंबर के पहले सप्ताह में ही 30 से ज्यादा डेंगू के केस सामने आ चुके हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में डेंगू के आठ नए केस सामने आने से हड़कंप मच गया। अक्तूबर और नवंबर में डेंगू रोगियों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच चुका है। प्रतिदिन डेंगू के केस सामने आए रहे हैं। जिला अस्पताल के अलावा प्राइवेट अस्पतालों में भी डेंगू के मरीज भर्ती हैं। जिला अस्पताल में मंगलवार को डेंगू के चार मरीज पहुंचे थे। लगातार बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ी हुई हैं। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में बुधवार को 258 रोगियों के ब्लड सैंपल की जांच हुई। इसमें आठ मरीज एनएस-1 पॉजिटिव मिले। इसके अलावा 40 फीसदी मरीजों में प्लेटलेट्स कम मिलीं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वागीश वैश्य के अनुसार बुधवार को डेंगू के आठ मरीज सामने आए। पिछले साल नवंबर में नाममात्र के ही डेंगू के मामले सामने आए थे।
डेंगू की रोकथाम के लिए टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लार्वा खत्म कर रही हैं। घरों में फ्रिज के अंदर, टायर, गमले आदि में लार्वा मिल रहा। लोग जागरूक बनें और जहां-जहां पानी भरा है, उसे निकालें। जागरूक होकर ही डेंगू को फैलने से रोका जा सकता है। - डॉ. विनीत कुमार शुक्ल, सीएमओ
पैथोलॉजी लैबों में जांच के नाम पर काट रहे मरीजों की जेबें
वायरल फीवर में डेंगू का खौफ दिखाकर पैथोलॉजी लैब वाले मरीजों की जेबें काट रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ी तो लैबों में फीस भी बढ़ा दी गई। जो जांच एक हजार से बारह सौ रुपये में हो रही थी, अब उसके सोलह सौ रुपये तक वसूले जा रहे हैं। कालीबाड़ी स्थित एक लैब में पिछले दो दिनों में 40 से ज्यादा ब्लड सैंपल की जांच हुई, इसमें डेंगू का एक मरीज निकला। स्टेडियम रोड स्थित एक लैब में बुधवार को 30 से ज्यादा सैंपल टेस्ट हुए, इनमें डेंगू के दो केस सामने आए। डीडीपुरम स्थित एक लैब में बुधवार को आठ टेस्ट हुए, इनमें डेंगू का कोई केस नहीं मिला। हालांकि तीन दिन में हुए 25 से ज्यादा टेस्ट में तीन मरीज डेंगू के मिले। डॉक्टर वायरल होने पर भी एनएस-1 और एलाइजा टेस्ट करा रहे हैं। यही कारण है कि लैबों में एकाएक मरीज बढ़े हैं, इसका लैब संचालक फायदा उठा रहे हैं। वहीं डॉक्टर भी मरीजों की जेबें ढीली कर रहे हैं। निजी अस्पतालों से जिला अस्पताल में 150 से ज्यादा सैंपल तीन दिन में पहुंचे हैं, इनमें अधिकतर केस प्लेटलेट्स कम होने के हैं।