बरेली। जगतपुर स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर पर गुरुवार को डॉक्टर समय से नहीं पहुंचे। मरीज सुबह आठ बजे से ही पहुंचने लगे थे। जब डॉक्टर नहीं मिले तो मरीजों ने हंगामा कर दिया।
जगतपुर अर्बन हेल्थ सेंटर पर डॉक्टर साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच पहुंचते हैं, जबकि मरीज सुबह आठ बजे ही पहुंच जाते हैं। डॉक्टरों की तरह बाकी स्टाफ भी देरी से पहुंचता है। गुरुवार को करीब दो घंटे इंतजार के बाद भी डॉक्टर नहीं पहुंचे तो मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। पूर्व सभासद मुशर्रफ और वर्तमान सभासद कमरुल निशां ने भी वहां पहुंचकर विरोध जताया। दवा लेने आईं सरिता, मुन्नी, नसरीन, अहमद रजा आदि का कहना था कि अस्पताल में घंटों खड़े रहना पड़ता है, तब डॉक्टर आते हैं। कर्मचारी भी सीधे मुंह बात नहीं करते हैं। सभासद ने मामले की शिकायत सीएमओ को भेजी है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर डॉक्टर समय से नहीं पहुचंते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।