बरेली। आयुष्मान कार्ड होेने के बावजूद दीवानखाना के मतलूब हुसैन को इलाज नहीं मिला और उनकी जान चली गई। सीएमओ द्वारा आयुष्मान योजना की स्टेट कमेटी को भेजी गई रिपोर्ट के बाद अब एजेंसी खुद मामले की जांच करेगी। मृतक के घरवाले आज सीएमओ से फिर मिले और जांच रिपोर्ट की जानकारी ली।
दीवानखाना के मतलूब हुसैन की इलाज के अभाव में मौत हो गई थी। शहर के चार बड़े अस्पतालों में उसका इलाज करने से मना कर दिया गया। सीएमओ द्वारा मामले की जांच कराई गई। हालांकि अस्पतालों को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। मृतक के घरवालों ने प्रदेश और केंद्र सरकार को शिकायत भेजी। सीएमओ ने आयुष्मान योजना की स्टेट कमेटी को जांच रिपोर्ट भेजी है। अब स्टेट एजेंसी की तरफ से मामले की जांच हो सकती है। मृतक के परिवार के लोग सीएमओ से मिले और जांच रिपोर्ट के बारे में जानकारी मांगी।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल का कहना है कि जांच रिपोर्ट एजेंसी को भेजी दी है। अब जो भी कार्रवाई होगी स्टेट एजेंसी से होगी। सूत्रों का कहना है कि स्टेट एजेंसी ने सीएमओ से मामले की जानकारी भी ली है। अब एजेंसी खुद मामले की जांच कर सकती है। मतलूब हुसैन की बहन मालदा परवीन का कहना है कि सीएमओ ने रिपोर्ट स्टेट एजेंसी को भेजने और एजेंसी द्वारा जांच होने की बात कही है।