बरेली। बेकाबू होते जा रहे बुखार को रोकने में एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग नाकाम साबित हो रहा है। जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं के बीच बुखार पीड़ितों का इलाज हो रहा है, जिसकी सूचना पर गुुरुवार को एडी हेल्थ राकेश दुबे ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। बुखार वार्ड में एक बेड पर दो मरीज देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएस को बुखार पीड़ितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्हें बेहतर सुविधा और इलाज मुहैया कराने के लिए नया वार्ड बनाने का सुझाव दिया। इस पर तत्काल सीएमएस ने पुराने लेबर वार्ड को जल्द बुखार वार्ड में तब्दील करने की जानकारी दी। इसके अलावा एडी हेल्थ ने जिला अस्पताल में गंदगी और जलभराव को खत्म करने, ओपीडी के बाहर धूप में खड़े होने वाले मरीजों के लिए उचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।
चार सौ मरीज जानलेवा बुखार से पीड़ित
आंवला। तहसील क्षेत्र के ब्लॉक मझगवां, बिशारतगंज, निसोई, मिलक, जैतपुर, बीबनी, गंगापुर, गैनी में घातक बुखार की चपेट में आने से 20 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को भी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने पहुंचे 88 बुखार पीड़ितों में 74 में फैल्सीपेरम की पुष्टि हुई। आलमपुर जाफराबाद के गांव सहासा में 65 बुखार पीड़ितों में 59 वाइवैक्स और तीन में पीएफ की पुष्टि हुई। रामनगर में 35 लोगों में पीवी की पुष्टि हुई। क्यारा के गांव सूदनपुर की पीएचसी पर एक ग्रामीण में पीएफ की पुष्टि हुई है। आंवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 8 अगस्त से अब तक 4 सौ रोगियों में पीएफ की पुष्टि हुई है।