बरेली। खेल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत शहर की विभिन्न संस्थाओं, क्लबों, स्कूलों ने कार्यक्रम आयोजित कर ‘स्वस्थ भारत, निरोगी भारत’ का संकल्प लिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में पांच किलोमीटर की क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन हुआ। साथ ही एलईडी स्क्रीन के जरिए स्टेडियम परिसर में प्रधानमंत्री का भाषण प्रसारित किया गया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल दिवस पर हॉकी, भारोत्तोलन, फुटबाल, बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता में 15 टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें दो सेमीफाइनल मुकाबले हुए। पहला मैच, केवी एयरफोर्स-इज्जतनगर के बीच हुआ। इसमें इज्जतनगर की टीम विजेता बनी। दूसरा मैच आरएन टैगोर और केवी आरबीआई के बीच हुआ। इसमें आरएन टैगोर की टीम जीती। इस दौरान मुख्य अतिथि नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार, ओलंपियन सुमंगला, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गीता अरोरा मौजूद रहीं। आखिर में उल्लेखनीय कार्यों के लिए आरएसओ विजय कुमार, क्रिकेट कोच सुनील सिंह, वालीबॉल प्रशिक्षक अभिलाषा यादव को सम्मानित किया गया।
‘फिट इंडिया’ पर मंडरा रहा खतरा
स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉल के लिंटर का प्लास्टर पिछले दिनों टूट चुका है। इसे दुरुस्त कराने के लिए अब तक स्टेडियम ने कोई इंतजाम नहीं किए। गुरुवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत दिखाए जा रहे लाइव प्रसारण के दौरान खिलाड़ियों को ठीक टूटे हुए हिस्से के नीचे बिठा दिया गया। इस कारण खिलाड़ियों का ध्यान प्रसारण देखने में कम और सुरक्षित करने में ज्यादा दिखा।
दस हजार कदम चलकर किया प्रेरित
डिस्ट्रिक्ट बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन के बैनर तले मुख्य डाकघर से ‘दस हजार कदम’ मिनी मैरॉथन हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने बताया कि ‘स्वस्थ भारत निरोग भारत’ को संकल्प बॉडी बिल्डर और आमंत्रित अतिथियों ने लिया। रैली डाकघर से चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, सर्किट हाउस होते हुए वापस डाकघर पहुंची। इसमें सपना सक्सेना, सुधा चौधरी, नीतू सिंह, सोनी व अन्य का सहयोग रहा।
स्कूलोें में आयोजित हुए कार्यक्रम
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से स्वस्थ रहने का संकल्प लिया गया। छात्राओं को योग व्यायाम करने का सुझाव प्रधानाचार्य अनु पाराशरी और नीतू सक्सेना ने दिए। वहीं, शांतिकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं को लाइव प्रसारण दिखाकर स्वस्थ रहने का संकल्प डॉ. वीके शर्मा ने दिलाया।
फिट इंडिया का लिया संकल्प
इनरव्हील क्लब ऑफ ग्लोरी प्लस की ओर से मूवमेंट के तहत कॉंपिटेंट पब्लिक स्कूल और जेपी एकेडमी में मुहिम चलाई गई। सभी स्टूडेंट और शिक्षकों ने स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। इस दौरान वाद विवाद प्रतियोगिता में मरियम को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। इस दौरान क्लब अध्यक्ष डॉ. मधु, प्रधानाचार्य सीमा सक्सेना व अन्य सदस्य मौजूद रहीं।