बरेली। जसोली प्राथमिक स्कूल में तैनात कैंसर पीड़ित शिक्षिका का ट्रांसफर आदेश रद्द नहीं करने पर अड़े एनएसए के खिलाफ सीएम योगी से शिकायत की गई है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत में नगर शिक्षा अधिकारी देवेश राय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिक्षिका समेत एक अन्य शिक्षक क ा ट्रांसफर आदेश रद्द कर स्कूल के सुचारू संचालन में सहयोग की मांग की गई है।
पिछले दिनों कैंसर पीड़ित शिक्षिका का ट्रांसफर आदेश रद्द करने के लिए केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने भी सिफारिश की थी लेकिन उसको दरकिनार कर दिया गया। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष प्रभु दयाल गुप्ता ने शिकायत में कहा है कि स्कूल में तीन सौ बच्चे हैं, जबकि शिक्षकों की संख्या कम है। स्कूल का स्मार्ट सिटी में चयन हुआ है और मॉडल बनाने का प्रयास है। ऐसे में शिक्षकों का ट्रांसफर होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित होगी और कैंसर पीड़ित शिक्षिका को खासी दिक्कत होगी। उन्होंने बताया कि शिक्षिका का जुलाई माह का वेतन भी जारी नहीं किया जा रहा है। इससे इलाज में आर्थिक संकट की समस्या आ रही है। बता दें कि मामले पर शनिवार को अमर उजाला ने ‘क्यों मैडम! बीमार-निराश टीचर ही बची थी ताकत दिखाने को’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। आईजीआरएस पोर्टल पर खबर की पीडीएफ भी संलग्न है।